अगले माह से प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल, सीएम का बड़ा एलान-विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनर्स्थापित करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में किसी को डरने की आवश्यकता नहीं है। कोई अपराध करेगा उसे बख्शा नहीं जायेगा। कोई अपराधी पुलिस को चैलेंज करेगा तो उसे 48 घंटे के अंदर जवाब दिया जायेगा। लड़कियों की सुरक्षा के लिये विशेष तौर पर हमने सुरक्षा के लिये पुलिस दीदी को लगाया है। सभी निर्भीक होकर अध्ययन-अध्यापन करें।
DESWA DESK : अगले माह यानी जुलाई से प्रत्येक प्रखंड में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। अब नालंदा विश्वविद्यालय के बाद विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनर्स्थापित किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की है। उन्होंने कहा कि हमारा सपना तब पूरा होगा, जब सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में खोले गए मॉडल स्कूल में कॉन्वेंट के बच्चे अपना नाम लिखाएंगे और पढ़ेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि है। हमारे बच्चे जहां जाते हैं, वहां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हैं। कोटा जैसे जगहों पर चलाये जा रहे शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करनेवाले छात्र भी बिहारी ही हैं और पढ़ानेवाले भी बिहारी हैं। यूपीएससी की परीक्षा में बिहार के छात्र बेहतर प्रदर्शन करनेवाले होते हैं। देश भर में टॉप से बॉटम तक बिहारी दिखेंगे। अपने जीविकोपार्जन के लिये देश के दूसरे हिस्सों में जाकर वहां की व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपने श्रम से भी बिहारी योगदान दे रहे हैं।
अपने ज्ञान और प्रतिभा के बल पर बिहारी अपनी अलग पहचान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि इसी बिहार में नालंदा और विक्रमशीला विश्वविद्यालय था। बख्तियार खिलजी ने जब नालंदा विश्वविद्यालय को जलाया था तो वहां की 90 लाख पुस्तकों को जलने में 6 माह का वक्त लगा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना के लिये बधाई देते हैं।
हमलोग अगले एक वर्ष में विक्रमशीला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करेंगे। बिहार के गौरवशाली इतिहास को पुनर्स्थापित करना है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बच्चों के लिये साइकिल योजना, पोशाक योजना चलायी। बच्चों बच्चियों को स्कूल तक पहुंचाया। बिहार की शिक्षा की स्थिति बदली। उन्होंने कहा कि राज्य में 73 हजार स्कूल खुले हैं, इसमें शिक्षा की गुणवता को और बेहतर करना है। जुलाई माह से प्रत्येक प्रखंड में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में मॉडल स्कूल खोलेंगे। हमारा सपना तब पूरा होगा, जब कॉन्वेंट के बच्चे इस स्कूल में अपना नाम लिखायेंगे और पढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 211 प्रखण्डों में डिग्री कॉलेज खोले जायेंगे। सभी विश्वविद्यालय, कॉलेज एवं स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को ठीक करना है। शिक्षा व्यवस्था की संरचना बेहतर होगी तो छात्रों का भविष्य उज्ज्वल होगा। छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिये छात्रवृत्ति योजना चलायी जा रही है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिये स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्रों को चार लाख रूपये की सहायता दी जा रही है। छात्रों को आगे बढ़ाने के लिये सरकार पूरा सहयोग करते रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में किसी को डरने की आवश्यकता नहीं है। कोई अपराध करेगा उसे बख्शा नहीं जायेगा। कोई अपराधी पुलिस को चैलेंज करेगा तो उसे 48 घंटे के अंदर जवाब दिया जायेगा। लड़कियों की सुरक्षा के लिये विशेष तौर पर हमने सुरक्षा के लिये पुलिस दीदी को लगाया है। सभी निर्भीक होकर अध्ययन-अध्यापन करें। एक बेटी पढ़ती है तो पूरा परिवार पढ़ता है। बिहार की बेटियां और बेटे दोनों अच्छा कर रहे हैं। हम सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हैं और शुभकामना देते हैं कि वे अपने जीवन में और ऊंचाइयों को प्राप्त करें।













