11 सितंबर को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल; लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, जरूरी काम आज ही निपटा लें

बैंक प्रबंधन, वित्त मंत्रालय और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच दो दिनों तक चली वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई है। मांगों पर सहमति न बनने के बाद बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर को एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसके तुरंत बाद शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंकों में लगातार तीन दिनों तक कामकाज ठप रहेगा।

11 सितंबर को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल; लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, जरूरी काम आज ही निपटा लें

DESWA DESK : बैंक प्रबंधन, वित्त मंत्रालय और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच दो दिनों तक चली वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई है। मांगों पर सहमति न बनने के बाद बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर को एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसके तुरंत बाद शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंकों में लगातार तीन दिनों तक कामकाज ठप रहेगा।

इस तीन दिवसीय बंदी से अकेले बिहार में करीब 50 हजार करोड़ रुपये के वित्तीय कारोबार पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि इस आंदोलन में देशभर के करीब आठ लाख बैंक अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो 28 से 30 सितंबर तक फिर से तीन दिनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। 

इसके बावजूद समाधान न निकलने पर अक्टूबर के अंत से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
बैंक यूनियनों की मुख्य मांगों में हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, लंबे समय से लंबित पेंशन अपडेशन पूरी करना, अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव की एक समान व्यवस्था करना और आईडीबीआई बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाना शामिल है।

राहत की बात यह है कि हड़ताल के दौरान इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। हालांकि शाखाएं बंद रहने से कैश फ्लो प्रभावित होगा, जिससे शनिवार और रविवार तक कई इलाकों के एटीएम खाली हो सकते हैं। 11 से 13 सितंबर तक नकदी जमा-निकासी, डिमांड ड्राफ्ट और चेक क्लियरेंस पूरी तरह बाधित रहेंगे। इस दौरान बिहार की सभी 7760 बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहेगा।