मोतिहारी में तालिबानी इंसाफ : चोरी के आरोप में युवक को बंधक बना बेरहमी से पीटा
मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौनी कपूर गांव में चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को बंधक बनाकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। संवेदनहीनता की हद तब पार हो गई जब ग्रामीणों ने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और तमाशबीन बने लोग उस पर लाठियां और लात-घूंसे बरसाते रहे।
DESWA DESK : बिहार में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौनी कपूर गांव में चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को बंधक बनाकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। संवेदनहीनता की हद तब पार हो गई जब ग्रामीणों ने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और तमाशबीन बने लोग उस पर लाठियां और लात-घूंसे बरसाते रहे। इस बर्बरता का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान परसौनी कपूर गांव निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शुभम देर रात पताही थाना क्षेत्र के ही घुसुकपुर टोला स्थित एक घर में चोरी की नीयत से दाखिल हुआ था। इसी दौरान घर के जाग रहे सदस्यों और आसपास के स्थानीय लोगों ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कानून को ताक पर रखकर खुद ही सजा देना शुरू कर दिया।
घटनास्थल पर मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक असहाय स्थिति में जमीन पर पड़ा है, उसके हाथ-पैर बंधे हुए हैं और वह रोते हुए अपनी जान बख्शने की गुहार लगा रहा है। इसके बावजूद भीड़ में शामिल लोग उस पर लगातार प्रहार कर रहे हैं। इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामला जिला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया है। पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार चंदन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पताही थाना अध्यक्ष को त्वरित और गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी नागरिक को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि युवक चोर था, तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था। वीडियो में दिख रहे उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल वीडियो फुटेज के जरिए मारपीट में शामिल मुख्य आरोपियों को चिन्हित करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मोतिहारी से संतोष कुमार राउत की रिपोर्ट













