पटना: होटल में पिता के साथ रुकी छात्रा से छेड़खानी, CCTV बंद मिलने पर पुलिस सख्त

राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ होटल में छेड़खानी की घटना हुई। आरोप है कि देर रात एक युवक...

पटना: होटल में पिता के साथ रुकी छात्रा से छेड़खानी, CCTV बंद मिलने पर पुलिस सख्त

राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ होटल में छेड़खानी की घटना हुई। आरोप है कि देर रात एक युवक होटल के कमरे में घुस गया और छात्रा को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिता-पुत्री होटल के रूम नंबर 103 में रुके हुए थे

जानकारी के मुताबिक, बेगूसराय की रहने वाली छात्रा अपने पिता के साथ परीक्षा देने पटना आई थी। दोनों शुक्रवार रात रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित लॉ कॉलेज के पास एक होटल में ठहरे थे। पिता-पुत्री होटल के रूम नंबर 103 में रुके हुए थे।

कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसा युवक

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि देर रात अचानक एक युवक कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया। युवक ने उनकी बेटी का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन खींचने लगा। शोर-शराबा होने पर उनकी नींद खुली और उन्होंने युवक से पूछताछ की। इस दौरान युवक अजीब व्यवहार करता रहा और कमरे से बाहर जाने को तैयार नहीं था।

कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे थे

इसके बाद छात्रा के पिता ने अपने एक रिश्तेदार को फोन कर मौके पर बुलाया। वहीं, घटना की सूचना तुरंत पुलिस को भी दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक होटल मालिक का ड्राइवर है।

पीड़िता के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस जब होटल के अन्य कमरों की जांच करने पहुंची तो वहां कई युवक-युवतियां मौजूद थे और कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे थे। पुलिस को देखते ही कई लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने चार लोगों को रोककर पूछताछ की।

रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार सिंह ने बताया..

मामले को लेकर रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार सिंह ने बताया कि लॉ कॉलेज के निकट स्थित होटल हिडेन विला में ठहरी छात्रा के साथ छेड़खानी की शिकायत मिली थी। लड़की के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर शाहपुर निवासी आरोपी सतेंद्र कुमार को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

पटना पश्चिमी के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने कहा ..

वहीं, पटना पश्चिमी के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने कहा कि होटल मालिक और प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा, “यह जांच की जाएगी कि होटल की सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी लापरवाही क्यों हुई। साथ ही होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों थे, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।” पुलिस अब होटल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।