झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण हादसे में पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान समेत दो की मौत, कार में सवार तीन लोग गंभीर
उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर गुरुवार को पूंछ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर में मारे गए दो लोगों में प्रयागराज के दिवंगत पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद भी शामिल है। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल झांसी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
DESWA DESK : उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर गुरुवार को पूंछ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर में मारे गए दो लोगों में प्रयागराज के दिवंगत पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद भी शामिल है। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल झांसी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त हुई जब तेज रफ्तार वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों और गश्ती पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को गाड़ी से बाहर निकाला।
मौके पर ही अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। झांसी पुलिस प्रशासन के अनुसार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की कानूनी व पुलिस कार्रवाई जारी है।













