विधान परिषद की दस सीटों के लिए आज से लेकर कबतक नामांकन, किन-किन नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल..?

जिन दस सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पांच फिलहाल जदयू के पास है। इसके अलावा बीजेपी और आरजेडी के पास दो-दो सीटें हैं, जबकि एक सीट कांग्रेस के पास है। 

विधान परिषद की दस सीटों के लिए आज से लेकर कबतक नामांकन, किन-किन नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल..?

DESWA DESK : बिहार में दस सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। आज से नामांकन का दौर भी शुरू हो गया है, जो आठ जून तक चलेगा। इस दस में वह सीट भी शामिल है, जो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से रिक्त हुई है। इस बीच, लालू की लाडली रोहिणी आचार्य के भी एमएलसी चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि उन्होंने इसे महज अफवाह बताया है। 

बिहार विधान परिषद की दस सीटों पर 18 जून को वोटिंग होन वाली है। दरअसल, बिहार विधान परिषद की विधानसभा कोटे की नौ सीटें खाली होने वाली है। इन नौ सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होगा। साथ ही, नीतीश कुमार वाली सीट पर उपचुनाव होना है। इसको लेकर सोमवार यानी आज अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन का दौर भी शुरू हो गया है, जो आठ जून तक चलेगा। यानी आठ जून तक नामांकन का पर्चा दाखिल किया जा सकता है।  

चुनाव आयोग की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि आठ जून निर्धारित की गई है। इसके साथ ही नौ जून को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। वहीं, नाम वापसी की तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। सर्वसम्मति ना बन पाने की स्थिति में 18 जून को सुबह मतदान होगा, और नतीजे भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। 

चूंकी यह सभी सीटें विधानसभा कोटे की है, इसलिए इसमें विधायकों का वोट ही निर्णायक होगा। आपको बता दें कि 28 जून को विधान परिषद की नौ सीटें रिक्त हो रहीं हैं। जिन दस सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पांच फिलहाल जदयू के पास है। इसके अलावा बीजेपी और आरजेडी के पास दो-दो सीटें हैं, जबकि एक सीट कांग्रेस के पास है। 

28 जून को बिहार के जिन नौ विधान पार्षदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है उनमें गुलाम गौस, कुमुद वर्मा, मो. फारुख, भगवान सिंह कुशवाहा, भीष्म साहनी, संजय मयूख, समीर कुमार सिंह, सम्राट चौधरी और सुनील कुमार सिंह शामिल हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के  राज्यसभा जाने के कारण उनकी सीट पर उपचुनाव होगा।