'9, सुनहरी बाग रोड' बनेगा पावर सेंटर : तीन एकड़ के टाइप-8 बंगले में रहेंगे नीतीश, 150 मीटर दूर शाह और सौ मीटर पर राहुल गांधी..कल गृहप्रवेश

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब देश की राजधानी दिल्ली से अपनी नई सियासी पारी को और धार देने जा रहे हैं। लुटियंस दिल्ली के सबसे हाईप्रोफाइल और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके सुनहरी बाग रोड पर स्थित बंगला नंबर-9 अब नीतीश कुमार का नया आधिकारिक पता होगा।

'9, सुनहरी बाग रोड' बनेगा पावर सेंटर : तीन एकड़ के टाइप-8 बंगले में रहेंगे नीतीश, 150 मीटर दूर शाह और सौ मीटर पर राहुल गांधी..कल गृहप्रवेश

DESWA DESK : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब देश की राजधानी दिल्ली से अपनी नई सियासी पारी को और धार देने जा रहे हैं। लुटियंस दिल्ली के सबसे हाईप्रोफाइल और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके सुनहरी बाग रोड पर स्थित बंगला नंबर-9 अब नीतीश कुमार का नया आधिकारिक पता होगा। 

कल यानी 17 जुलाई को नीतीश कुमार अपने इस नए सरकारी आवास में पूरे विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश करेंगे। मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा की राजनीति में सक्रिय होने के बाद दिल्ली का यह बंगला देश की राजनीति में नीतीश कुमार के नए सफर का गवाह बनने जा रहा है। संसद के आगामी सत्र से ठीक पहले होने जा रहा यह गृह प्रवेश बेहद अहम माना जा रहा है।

नीतीश कुमार को केंद्र सरकार द्वारा आवंटित यह आवास कोई साधारण बंगला नहीं है। यह लुटियंस जोन की सबसे सर्वोच्च आवासीय श्रेणी टाइप-8 का बंगला है, जो आमतौर पर केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों, शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं और न्यायपालिका के प्रमुखों को ही मिलता है। यह पूरा वीवीआईपी परिसर करीब तीन एकड़ के बड़े हिस्से में फैला हुआ है। मुख्य भवन में आठ शानदार बेडरूम, एक बड़ा लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया और एक विशेष स्टडी रूम बनाया गया है। बंगले में एक विशाल लॉन, खूबसूरत गार्डन और खुला क्षेत्र है। साथ ही सहयोगी स्टाफ के लिए परिसर के भीतर ही छह स्टाफ क्वार्टर तैयार किए गए हैं।

नीतीश कुमार का यह नया आवास दिल्ली के उस पावर कॉरिडोर में स्थित है जहां से देश की राजनीति की दिशा तय होती है। सुरक्षा और राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज से यह बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सरकारी आवास नीतीश कुमार के इस बंगले से महज 150 मीटर की दूरी पर है।  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आवास भी यहां से सिर्फ सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दिल्ली आवास भी इसी सुनहरी बाग इलाके में है।

 चूंकि नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए सुनहरी बाग जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में उनके इस नए बंगले की सुरक्षा बेहद चाक-चौबंद होगी। दिल्ली में उनकी सुरक्षा का पूरा जिम्मा सीआरपीएफ के कमांडो संभालेंगे। लंबे समय तक पटना के '1, अणे मार्ग' (मुख्यमंत्री आवास) से बिहार और देश की राजनीति को प्रभावित करने वाले नीतीश कुमार के लिए यह बदलाव बेहद खास है। अब पटना के बजाय दिल्ली का 9, सुनहरी बाग रोड उनके नए राजनीतिक फैसलों और मुलाकातों का मुख्य केंद्र बनेगा।