महाशिवरात्रि पर पटना में भव्य शोभा यात्रा, 15 फरवरी को दोपहर 3 बजे से निकलेगा जुलूस, प्रशासन अलर्ट, कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध

हर वर्ष की भांति इस बार भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी पटना भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आएगी। शहर में भव्य शोभा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग इलाकों से श्रद्धालुओं की आकर्षक झांकियां और जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए बेली रोड स्थित राजा बाजार के खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचेंगे। यहां श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत...

महाशिवरात्रि पर पटना में भव्य शोभा यात्रा, 15 फरवरी को दोपहर 3 बजे से निकलेगा जुलूस, प्रशासन अलर्ट, कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध

हर वर्ष की भांति इस बार भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी पटना भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आएगी। शहर में भव्य शोभा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग इलाकों से श्रद्धालुओं की आकर्षक झांकियां और जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए बेली रोड स्थित राजा बाजार के खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचेंगे। यहां श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।

पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया
इस विशाल आयोजन को ध्यान में रखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई गई है, जबकि कुछ सड़कों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।शोभा यात्रा 15 फरवरी को दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी।

 नागरिकों से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, ट्रैफिक निर्देशों का सहयोग करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं। बता दें कि महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर पूरी राजधानी में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

इन रास्तों पर नहीं होगा वाहनों का परिचालन
*नेहरू पथ (बेली रोड) पर राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे से डुमरा टीओपी मोड़ से लेकर जगदेवपथ मोड़ तक सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
*नेहरू पथ में रूकनपुरा से चिड़ियाखाना गेट नं. 01 तक सिटी बसों का परिचालन फ्लाईओवर के उपर से होगा।
*नेहरू पथ (बेली रोड) पर जगदेव पथ मोड़ से हवाई अड्डा, आयकर गोलंबर और पटना जंक्शन की ओर आने वाले ऑटो और दूसरे व्यावसायिक वाहनों को जगदेव पथ मोड़ से दक्षिण दिशा में जगदेव पथ रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद ये वाहन फुलवारी जेल मोड़ होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
*नेहरू पथ (बेली रोड) से दीघा, राजीव नगर और ए.जी. कॉलोनी की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को पाया संख्या-04 के पास से अम्बेडकर पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन अम्बेडकर पथ से मौर्या पथ होते हुए आशियाना-दीघा रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
*नेहरू पथ (बेली रोड) पर डुमरा टीओपी मोड़ से पूरब से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहनों को डुमरा टीओपी से दक्षिण दिशा में हवाई अड्डा पश्चिमी गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन हवाई अड्डा पश्चिमी गेट से फुलवारी जेल मोड़ होते हुए जगदेवपथ पहुंचकर अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ेंगे।
*नेहरू पथ (बेली रोड) पर पूरब से पश्चिम दिशा में आशियाना और दीघा की ओर जाने वाले वाहनों को राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से होते हुए रूकनपुरा तक जाना होगा। वहां से रूपसपुर पुल के नीचे (विजयनगर) यू-टर्न लेकर वाहन फिर से रूकनपुरा पहुंचेंगे और फ्लाईओवर के नीचे से अम्बेडकर पथ होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।