जहां मिलेंगे बाबू-सोना...तोड़ देंगे कोना कोना,पटना में वैलेंटाइन डे से पहले धमकी वाले पोस्टर, अलर्ट मोड में प्रशासन
बिहार की राजधानी पटना में वैलेंटाइन डे से ठीक पहले माहौल उस समय गरमा गया, जब शहर के कई इलाकों में “बाबू-सोना” को लेकर चेतावनी भरे पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में लिखा है— “जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना।” साथ ही यह भी संदेश दिया गया है कि 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे नहीं, बल्कि Pulwama attack के शहीदों को....
बिहार की राजधानी पटना में वैलेंटाइन डे से ठीक पहले माहौल उस समय गरमा गया, जब शहर के कई इलाकों में “बाबू-सोना” को लेकर चेतावनी भरे पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में लिखा है— “जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना।” साथ ही यह भी संदेश दिया गया है कि 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे नहीं, बल्कि Pulwama attack के शहीदों को नमन दिवस के रूप में मनाया जाए।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में
पोस्टर सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों को डराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।ये पोस्टर हिंदू शिवभवानी सेना के नाम से लगाए गए हैं। संगठन का दावा है कि वैलेंटाइन डे और वैलेंटाइन वीक भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं और इससे समाज में अश्लीलता को बढ़ावा मिलता है। पोस्टर में चेतावनी दी गई है कि 14 फरवरी को यदि कोई सार्वजनिक स्थानों पर “बाबू-सोना” जैसे संबोधनों के साथ कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार करता पाया गया, तो संगठन इसका सामाजिक और नैतिक विरोध करेगा।
सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग
संगठन ने प्रशासन से पार्कों, कॉलेज परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि संस्कृति के खिलाफ गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कड़े कदम उठाए जाएंगे।इधर, पोस्टरों के वायरल होने के बाद शहर के पार्क, मॉल, रेस्टोरेंट और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।फिलहाल, पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि वैलेंटाइन डे के मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था कायम रह सके।













