असम-बंगाल में BJP की बड़ी तैयारी, JP Nadda और अमित शाह को जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल और असम में ऐतिहासिक जीत के बाद अब बीजेपी सरकार गठन की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रही है। पार्टी नेतृत्व ने दोनों राज्यों में विधायक दल के नेता के चयन के लिए अपने ..
पश्चिम बंगाल और असम में ऐतिहासिक जीत के बाद अब बीजेपी सरकार गठन की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रही है। पार्टी नेतृत्व ने दोनों राज्यों में विधायक दल के नेता के चयन के लिए अपने सबसे भरोसेमंद चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है।पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मंझी को सह-पर्यवेक्षक की भूमिका दी गई है। यह जोड़ी राज्य में विधायक दल का नेता चुनने की अहम जिम्मेदारी संभालेगी, जिससे साफ है कि पार्टी इस फैसले को लेकर बेहद गंभीर है।
बंगाल में बीजेपी ने इतिहास रच दिया
वहीं, असम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक बनाया गया है। उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। दोनों मिलकर असम में विधायक दल के नेता का चयन करेंगे।अगर चुनाव नतीजों की बात करें तो पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने इतिहास रच दिया है। पार्टी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज कर पहली बार राज्य में सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया है। वहीं, सत्तारूढ़ टीएमसी को 81 सीटों पर सिमटना पड़ा और कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी।
बीजेपी का प्रदर्शन बेहद दमदार
असम में भी बीजेपी का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। पार्टी ने अपने दम पर 82 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि कांग्रेस महज 19 सीटों तक सीमित रह गई।अब सबकी नजर विधायक दल की बैठकों पर टिकी है, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। यह फैसला न सिर्फ राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगा, बल्कि बीजेपी के अगले राजनीतिक कदमों का भी संकेत देगा।













