औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: चाचा ने 3 मासूमों की हत्या कर खुद पर भी किया हमला
बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक चाचा ने अपने ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी।घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव की है। बताया जा रहा है कि आरोपी चाचा ने अपने दो भतीजों और एक भतीजी का धारदार हथियार से गला काट दिया। इस खौफनाक.....
बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक चाचा ने अपने ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी।घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव की है। बताया जा रहा है कि आरोपी चाचा ने अपने दो भतीजों और एक भतीजी का धारदार हथियार से गला काट दिया। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद का भी गला रेत लिया।
आरोपी मानसिक रूप से परेशान और नाराज
इस घटना में 12 वर्षीय आयुष राज, 8 वर्षीय अनिश कुमार और महज 3 साल की अनुष्का कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों बच्चों के पिता का नाम गुड्डू कुमार भगत बताया गया है।वहीं आरोपी की पहचान 18 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है, जिसकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में पिछले करीब 15 दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी मानसिक रूप से परेशान और नाराज बताया जा रहा था, जिसने इस भयावह कदम को अंजाम दिया।
बच्चों की हत्या धारदार हथियार से की गई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि बच्चों की हत्या धारदार हथियार से की गई है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का व्यवहार पहले से ही कुछ असामान्य और संदिग्ध था।
मामले की गहन जांच जारी
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। साथ ही आरोपी को हिरासत में लेने और घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए छापेमारी की जा रही है।इधर, इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।













