BPSC TRE-4: अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद सरकार अलर्ट, CM सम्राट ने बुलाई बड़ी बैठक
बिहार में बीपीएससी TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शाम 5 बजे बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, शिक्षा विभाग..
बीपीएससी TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर बिहार में सियासत और छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और लाठीचार्ज के बाद अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा कदम उठाया है। आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास में शिक्षा विभाग के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
अभ्यर्थियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा
इस बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी शामिल होंगे।बैठक में शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन, बहाली प्रक्रिया और अभ्यर्थियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही शिक्षा विभाग के कामकाज की समीक्षा भी मुख्यमंत्री द्वारा की जाएगी। माना जा रहा है कि TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर अधिकारियों से फीडबैक लेने के बाद कोई अहम फैसला लिया जा सकता है।
अन्याय और विश्वासघात
इधर, TRE-4 को लेकर सड़क पर उतरे अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के बाद मामला पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर युवाओं के साथ “अन्याय और विश्वासघात” करने का आरोप लगाया है।तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार की नीयत ही TRE-4 की वैकेंसी निकालने की नहीं है, इसलिए महीनों बाद भी अब तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई
वहीं, अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लगातार आश्वासन दे रही है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई है। इसी वजह से छात्रों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।अब सभी की नजर मुख्यमंत्री की इस अहम बैठक पर टिकी है। उम्मीद की जा रही है कि बैठक के बाद TRE-4 शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ सकता है।













