बिहार विधानसभा की समितियों में बाहुबली अनंत सिंह की एंट्री, पर्यावरण समिति के सदस्य बने; बोले- “हमको कुछ पता नहीं”
बिहार विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19 समितियों का गठन कर दिया गया है। इन समितियों में मोकामा से विधायक और चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बनाया गया है।हालांकि, इस नई जिम्मेदारी को लेकर अनंत सिंह का बयान चौंकाने वाला रहा। जब उनसे पूछा गया कि पर्यावरण के क्षेत्र में वे क्या पहल करेंगे, तो उन्होंने साफ शब्दों....
बिहार विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19 समितियों का गठन कर दिया गया है। इन समितियों में मोकामा से विधायक और चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बनाया गया है।हालांकि, इस नई जिम्मेदारी को लेकर अनंत सिंह का बयान चौंकाने वाला रहा। जब उनसे पूछा गया कि पर्यावरण के क्षेत्र में वे क्या पहल करेंगे, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा ई सब हम कुछ जानबे नहीं करते हैं। हम क्या बने हैं, क्या नहीं बने हैं।
10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा
बता दें कि अनंत सिंह इन दिनों अपने पैतृक गांव नदवां में आयोजित होने वाले भव्य महादंगल को लेकर काफी सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश से 100 से ज्यादा पहलवान हिस्सा लेंगे, जबकि 10 लाख से अधिक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।उन्होंने दावा किया कि इस तरह का आयोजन बिहार में पहले कभी नहीं हुआ। बाहर से आने वाले सभी लोगों के खाने-पीने का पूरा इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा आयोजन को सफल बनाने के लिए वे खुद गांव में कैंप कर रहे हैं और 4 अप्रैल तक वहीं रहेंगे।
जीत को लेकर बड़ा दावा
अपने आत्मविश्वास भरे अंदाज में अनंत सिंह ने कहा “हमको कोई हरा ही नहीं सकता। हम आज तक किसी चीज में हारे ही नहीं हैं। मेरी कुंडली में हार है ही नहीं।”वहीं उन्होंने दंगल को सिर्फ खेल नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश से भी जोड़ा। कहा कि आज के युवा गलत नशे की ओर जा रहे हैं। ऐसे आयोजन से उनका ध्यान भटकेगा और वे खेल की ओर आकर्षित होंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी दंगल लड़ा है, तो उन्होंने हंसते हुए कहा हम लड़ते नहीं, लड़वाते थे लेकिन दंगल देखने दूर-दूर तक जाते थे।
लालू राज पर तंज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए अनंत सिंह ने कहा बिहार में दूसरा कोई नीतीश कुमार पैदा नहीं हुआ है, ना होगा। अगर वो नहीं होते तो आज बिहार का हाल कुछ और होता। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा पहले हालात ऐसे थे कि साफ कपड़ा पहनकर निकलो तो लोग समझते थे पैसा वाला है, किडनैप कर लेते थे।













