राज्यसभा जाने से पहले सीएम नीतीश की ‘समृद्धि यात्रा’ का तीसरा चरण आज से, सीमांचल-कोसी के 10 जिलों का दौरा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विकास की जमीनी हकीकत को परखने के लिए प्रदेशव्यापी दौरे पर निकल रहे हैं। आज, 10 मार्च से उनकी ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण की शुरुआत होने जा रही है। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सीमांचल और कोसी क्षेत्र के 10 जिलों का तूफानी दौरा करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे।राज्य की राजनीति....

राज्यसभा जाने से पहले सीएम नीतीश की ‘समृद्धि यात्रा’ का तीसरा चरण आज से, सीमांचल-कोसी के 10 जिलों का दौरा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विकास की जमीनी हकीकत को परखने के लिए प्रदेशव्यापी दौरे पर निकल रहे हैं। आज, 10 मार्च से उनकी ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण की शुरुआत होने जा रही है। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सीमांचल और कोसी क्षेत्र के 10 जिलों का तूफानी दौरा करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे।राज्य की राजनीति में चल रही हलचल और राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री ने जनता से सीधे संवाद और विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए यह यात्रा शुरू करने का फैसला किया है। तीसरे चरण की शुरुआत सुपौल जिले के निर्मली से होगी, जहां से सीएम कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

 विकास कार्यों का जायजा
यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री सुपौल और मधेपुरा जिलों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेंगे। इस दौरान वे करीब 569.36 करोड़ रुपये की 213 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री जीविका दीदियों के साथ संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी सुनेंगे।कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सभी कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

 बजट सत्र के कारण इसे बीच में स्थगित करना पड़ा था
गौरतलब है कि समृद्धि यात्रा की शुरुआत 16 जनवरी 2026 को पश्चिम चंपारण से हुई थी, लेकिन बजट सत्र के कारण इसे बीच में स्थगित करना पड़ा था। अब तीसरे चरण में मुख्यमंत्री का फोकस कोसी और सीमांचल के अपेक्षाकृत पिछड़े इलाकों पर है, जहां विकास कार्यों की समीक्षा के साथ नई योजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी।यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा तेज है। ऐसे में इस दौरे को बिहार में विकास कार्यों की निगरानी और जनता से सीधे संवाद बनाए रखने की उनकी कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने साल 2005 में न्याय यात्रा के जरिए इस तरह की जनसंवाद यात्राओं की परंपरा की शुरुआत की थी, जिसे वे समय-समय पर अलग-अलग नामों से आगे बढ़ाते रहे हैं।