बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी, गुजरात से आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री आवास पर आए एक फोन कॉल में अज्ञात व्यक्ति ने सीधे तौर पर...
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री आवास पर आए एक फोन कॉल में अज्ञात व्यक्ति ने सीधे तौर पर सीएम को धमकी दी, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था
सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और कॉल डिटेल्स व लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और बिहार से बाहर छिपा हुआ था।लगातार निगरानी और ट्रैकिंग के बाद आरोपी की लोकेशन गुजरात के सानंद में पाई गई। इसके बाद बिहार और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर यादव (32) के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह गुजरात में मजदूरी करता था। फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि उसने यह धमकी किस मकसद से दी और क्या वह किसी बड़ी साजिश से जुड़ा हुआ था या उसने अकेले ही यह कदम उठाया।गुजरात पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है। अब उसे बिहार लाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पद संभालने के बाद से वे लगातार सक्रिय
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने हाल ही में 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। पद संभालने के बाद से वे लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।अधिकारियों के साथ बैठकें, जनता दरबार और समस्याओं के त्वरित समाधान जैसे कदमों पर जोर दे रहे हैं।













