CM सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की मुलाकात, 7 सर्कुलर रोड बना नया पावर सेंटर, तेज हुई राजनीतिक हलचल
एक ओर जहां सत्ता परिवर्तन के बाद नए मुख्यमंत्री एक्शन मोड में हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री का आवास बदलना भी सियासी चर्चाओं को हवा दे रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा..
बिहार की राजनीति में इन दिनों तेज हलचल देखने को मिल रही है। एक ओर जहां सत्ता परिवर्तन के बाद नए मुख्यमंत्री एक्शन मोड में हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री का आवास बदलना भी सियासी चर्चाओं को हवा दे रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास खाली कर दिया है और आज वे 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट हो गए। इस नए ठिकाने पर उनसे मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। यहां डिप्टी सीएम विजय चौधरी पहले से मौजूद थे। तीनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
सम्राट चौधरी पद संभालने के बाद लगातार सक्रिय
इधर, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पद संभालने के बाद लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। आज वे पटना में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पहुंचकर गंगा किनारे बन रहे अत्याधुनिक रिवरफ्रंट पार्क का निरीक्षण करेंगे। इस परियोजना में किड्स जोन, सेल्फी पॉइंट, ओपन स्पेस और कमर्शियल मार्केट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा
इसके बाद मुख्यमंत्री महावीर मंदीर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी अब तक 10 से अधिक मंदिरों में दर्शन कर चुके हैं और लगातार धार्मिक स्थलों का दौरा कर रहे हैं।इसके साथ ही मुख्यमंत्री आज नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस बैठक में पटना मेट्रो, ड्रेनेज सिस्टम, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री गया और बोधगया के दौरे पर थे
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री गया और बोधगया के दौरे पर थे। उन्होंने विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण किया और ई-रिक्शा से क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर सख्त निर्देश भी दिए।फल्गु नदी तट और देवघाट क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद वे महाबोधि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सर्किट को और आकर्षक बनाने पर जोर दिया।













