डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश — होली में नशा, हुड़दंग और अश्लीलता पर विशेष सतर्कता,अश्लील और द्विअर्थी गीतों पर सख्त रुख

होली के रंगों में खलल डालने वालों पर इस बार सख्ती तय है। पटना जिला प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली की आड़ में हुड़दंग, नशाखोरी, अश्लीलता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगरानी से लेकर.....

डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश — होली में नशा, हुड़दंग और अश्लीलता पर विशेष सतर्कता,अश्लील और द्विअर्थी गीतों पर सख्त रुख

होली के रंगों में खलल डालने वालों पर इस बार सख्ती तय है। पटना जिला प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली की आड़ में हुड़दंग, नशाखोरी, अश्लीलता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगरानी से लेकर पेट्रोलिंग तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।

 विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का आदेश दिया गया है, ताकि अफवाह फैलाने वालों और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल साइबर कार्रवाई की जा सके। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए शहर में रात्रि गश्ती और मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

 28 फरवरी से 5 मार्च तक जिले में विशेष सतर्कता अभियान 
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 28 फरवरी से 5 मार्च तक जिले में विशेष सतर्कता अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन ने होली के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को शांति समिति की बैठकें समय पर आयोजित कर स्थानीय लोगों के साथ संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।

अश्लील और द्विअर्थी गीतों पर सख्त रुख 
इस बीच बिहार राज्य महिला आयोग ने भी होली के दौरान बजने वाले अश्लील और द्विअर्थी गीतों पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर ऐसे गीतों के प्रसारण पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। आयोग का मानना है कि इस तरह के गीत सामाजिक माहौल को खराब करते हैं और महिलाओं व बच्चों के लिए असहज स्थिति पैदा करते हैं, जिससे छेड़खानी और विवाद की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

 प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए
लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। होली के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा, अशांति या अश्लीलता की शिकायत 0612-2219810, 2219234 और 2210116 पर की जा सकती है। इसके अलावा आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और मर्यादित तरीके से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।