दानापुर में फिल्मी अंदाज में ATM लूट: बदमाश मशीन उखाड़कर ले गए, 30 लाख रुपए गायब
राजधानी पटना के दानापुर इलाके से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ फिल्मी अंदाज में ATM मशीन ही उखाड़ ली और फरार हो गए। यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे शाहपुर थाना क्षेत्र के ढिबारा गांव में हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह एटीएम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ....
राजधानी पटना के दानापुर इलाके से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ फिल्मी अंदाज में ATM मशीन ही उखाड़ ली और फरार हो गए। यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे शाहपुर थाना क्षेत्र के ढिबारा गांव में हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह एटीएम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का था, जिसमें करीब 30 लाख रुपये नकद मौजूद थे।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
बदमाशों ने पहले से पूरी साजिश रची थी। घटना से पहले उन्होंने ATM बूथ में लगे CCTV कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने मशीन को उखाड़ा और उसे एक चार पहिया वाहन में रखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को तीन अपराधियों ने अंजाम दिया और सभी ने हाथों में दस्ताने पहन रखे थे, जिससे कोई सबूत न छूटे।
पुलिस गश्ती के बावजूद वारदात
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना से महज दो मिनट पहले ही पुलिस की गश्ती टीम उसी इलाके से होकर गुजरी थी। इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो जाना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर थाना के SHO मनीष कुमार आनंद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की निगरानी की। पुलिस ने अपराधियों की तलाश के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
पुलिस के मुताबिक, तीन बदमाशों ने हाथ में दस्ताने पहनकर इस वारदात को अंजाम दिया। इस बड़ी घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।फिलहाल बैंक की ओर से इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच तेज कर चुकी है।













