सियासत से साधु रूप तक: ‘संत तेज प्रताप यादव’ के नए अवतार ने सोशल मीडिया पर मचाई हलचल
बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं लेकिन इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि उनका नया ‘संत अवतार’ है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया............
बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं लेकिन इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि उनका नया ‘संत अवतार’ है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
अब तक पांच वीडियो साझा किए जा चुके हैं
दरअसल, तेज प्रताप यादव ने हाल ही में Instagram पर ‘संत तेज प्रताप यादव’ नाम से एक नया अकाउंट बनाया है, जो 15 फरवरी से सक्रिय है। इस अकाउंट पर अब तक पांच वीडियो साझा किए जा चुके हैं, जिनमें वे भगवान शिव की भक्ति, पूजा विधि और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े संदेश देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों और शिवभक्तों से इस नए अकाउंट को फॉलो करने की अपील भी की है।
तेज प्रताप पूरी तरह संत स्वरूप में दिखाई दे रहे हैं
नए वीडियो में तेज प्रताप पूरी तरह संत स्वरूप में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लाल वस्त्र धारण किया है, हाथ में रुद्राक्ष की माला है और माथे पर चंदन का तिलक लगा हुआ है। वीडियो में वे ‘हर हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए शिवभक्तों को भक्ति का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की पूजा प्रतिदिन स्नान करने के बाद, शांत मन और बिना किसी द्वेष के करनी चाहिए। प्रेम और श्रद्धा से बेलपत्र अर्पित करने से महादेव प्रसन्न होते हैं।
बेलपत्र महादेव को अत्यंत प्रिय है
तेज प्रताप ने अपने संदेश में कहा,मैं स्वयं रोज स्नान कर बेलपत्र अर्पित करता हूं। बेलपत्र महादेव को अत्यंत प्रिय है। सच्चे मन से पूजा करने पर महादेव अपने भक्तों के करीब आते हैं। सभी शिवभक्त भाईचारे और प्रेम के साथ पूजा करें। उन्होंने यह भी कहा कि वे अब नियमित रूप से इंस्टाग्राम पर नए आध्यात्मिक वीडियो साझा करेंगे।जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने उनके इस नए रूप की सराहना की, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में सवाल भी किए।
“प्रभु, अब और कौन-कौन सा रूप धारण करेंगे
एक यूजर ने लिखा, “प्रभु, अब और कौन-कौन सा रूप धारण करेंगे?” वहीं दूसरे यूजर ने मजाक में पूछा, “सत्यनारायण भगवान की कथा करवानी है, आप कब फ्री हैं?” एक अन्य यूजर ने उन्हें ‘बाबा बागेश्वर 2’ तक कह दिया।हाल ही में तेज प्रताप यादव आध्यात्मिक गुरु शगुन वशिष्ठ से मिलने भी पहुंचे थे। इस मुलाकात की तस्वीर और वीडियो साझा करते हुए उन्होंने बताया कि गुरुजी ने उन्हें चुनरी और रुद्राक्ष की माला पहनाकर आशीर्वाद दिया तथा महादेव की भक्ति में और आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
‘TY VLOG’ नाम से नया चैनल शुरू किया,
राजनीतिक मोर्चे पर बात करें तो बिहार विधानसभा चुनाव में महुआ सीट से हार के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी गतिविधियों का दायरा बढ़ाया है। उन्होंने तीन महीने पहले YouTube पर ‘TY VLOG’ नाम से नया चैनल शुरू किया, जिस पर अब 1.17 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हो चुके हैं। अपने पहले व्लॉग में उन्होंने लिखा था कि “जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है,” और इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी व्लॉगिंग यात्रा दोबारा शुरू की।राजनीति, आध्यात्म और सोशल मीडिया—इन तीनों के संगम पर खड़े तेज प्रताप यादव का यह नया ‘संत अवतार’ लोगों के बीच उत्सुकता और चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना दिलचस्प होगा कि उनका यह आध्यात्मिक सफर आगे किस दिशा में जाता है।













