सम्राट चौधरी की मौजूदगी में नितिन नवीन से मिले खेसारी लाल, क्या बदलेंगे पाला?
पटना में भोजपुरी फिल्मों के ट्रेंडिंग स्टार और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव की एक मुलाकात ने बिहार की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। खेसारी लाल यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकात ..
पटना में भोजपुरी फिल्मों के ट्रेंडिंग स्टार और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव की एक मुलाकात ने बिहार की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। खेसारी लाल यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी वहां मौजूद थे। चुनाव हारने के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ खेसारी की यह मुलाकात कई राजनीतिक संकेत दे रही है।
चर्चाओं का बाजार गर्म
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले से ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के लिए उनके आवास पर पहुंचे हुए थे। इसी बीच भोजपुरी अभिनेता और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव भी वहां पहुंच गए। एक ही जगह पर भाजपा के बड़े नेताओं और खेसारी लाल की मौजूदगी ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया।
नितिन नवीन से पुराना व्यक्तिगत संबंध
हालांकि, खेसारी लाल यादव ने इस मुलाकात को पूरी तरह शिष्टाचार भेंट बताया है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन बिहार से आते हैं और देश की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं, जो गर्व की बात है। खेसारी ने कहा कि उनका नितिन नवीन से पुराना व्यक्तिगत संबंध रहा है और इसी वजह से वे उनसे मिलने पहुंचे थे।
हार का सामना करना पड़ा था
दरअसल, खेसारी लाल यादव कला के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर छपरा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में चुनाव के बाद भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।
किसी भी पार्टी में आने-जाने वाले नहीं
जब मीडिया ने उनसे भाजपा में शामिल होने को लेकर सवाल किया तो खेसारी लाल यादव ने साफ शब्दों में इन चर्चाओं को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वे किसी भी पार्टी में आने-जाने वाले नहीं हैं और मूल रूप से एक कलाकार हैं। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ एक कलाकार के रूप में ही देखा जाए।
हालांकि, बिहार की राजनीति में शिष्टाचार मुलाकातों के भी अलग मायने निकाले जाते रहे हैं। ऐसे में खेसारी लाल यादव की यह मुलाकात आने वाले दिनों में किस दिशा में जाती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।













