देखो किन्नर जा रही...,गोपालगंज की दिव्या बिहार पुलिस में बनी सिपाही, कहा- मैं अपने सभी ट्रांसजेंडर भाई बहनों से कहूंगी कि घरों से बाहर निकलिए

बिहार पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है। CSBC ने शुक्रवार को 21,391 सिपाही की भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी किया है। इनमें 11 हजार से ज्यादा महिलाओं ने बाजी मारी है। इस बार 8 ट्रांसजेंडर्स भी सिपाही बने हैं। सेलेक्ट होने वाले कैंडिडेट्स को 1 जून से 3 जून तक अपने-अपने...

देखो किन्नर जा रही...,गोपालगंज की दिव्या बिहार पुलिस में बनी सिपाही, कहा- मैं अपने सभी ट्रांसजेंडर भाई बहनों से कहूंगी कि घरों से बाहर निकलिए

बिहार पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है। CSBC ने शुक्रवार को 21,391 सिपाही की भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी किया है। इनमें 11 हजार से ज्यादा महिलाओं ने बाजी मारी है। इस बार 8 ट्रांसजेंडर्स भी सिपाही बने हैं। सेलेक्ट होने वाले कैंडिडेट्स को 1 जून से 3 जून तक अपने-अपने क्षेत्र में जाकर नियुक्ति लेनी होगी।

ट्रांसजेंडर दिव्या ओझा भी शामिल 

इनमें गोपालगंज की रहने वाली ट्रांसजेंडर दिव्या ओझा भी शामिल हैं। पिछले ढाई साल से दिव्या पटना में रहकर तैयारी कर रही थीं।दिव्या ने कहा कि, 'मैं बहुत खुश हूं। मैंने अपने जीवन और पहचान के लिए बहुत लड़ाई लड़ी है। लोग मुझे ताने मारते थे। बाहर निकलते ही लोग कहते थे देखो किन्नर जा रही, छक्का जा रहा है, लेकिन मैं हमेशा पॉजिटिव रही। संघर्ष किया और आगे बढ़ती रही।'आज मेरी मेहनत रंग लाई है। दुख से बहुत पुराना नाता है। जीवन में बहुत तकलीफों का सामना करना पड़ा है। मेरे ट्रांसजेंडर होने की वजह से लोगों से बहुत कुछ सुना है। मैं अपने सभी ट्रांसजेंडर भाई बहनों से कहूंगी कि घरों से बाहर निकलिए। जीवन में आगे बढ़िए। संघर्ष कीजिए। सारे दुख दर्द दूर हो जाएंगे।

 भर्ती में 8556 पद अनारक्षित हैं

बता दें कि  PET परीक्षा 9 दिसंबर 2024 से 10 मार्च 2025 तक पटना में हुई थी। परफॉर्मेंस के आधार पर कुल 21,391 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। जिसमें 19,958 बिहार पुलिस और 1,433 बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में नियुक्त होंगे। बता दें कि चयनित अभ्यर्थियों में 10,205 पुरुष, 11,178 महिलाएं और 8 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। भर्ती में 8556 पद अनारक्षित हैं। 

1,07,079 कैंडिडेट्स हुए थे शॉर्टलिस्ट

गौरतलब हो कि सिपाही भर्ती एग्जाम में कुल 17,87,720 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें से 11,95,101 ने अगस्त 2024 में आयोजित छह चरणों के रिटन एग्जाम दिया था। रिटन के आधार पर 1,07,079 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। जिसमें 86,539 अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें 53,960 मेल, 32,569 फीमेल और 10 ट्रांसजेंडर शामिल रहे। वहीं चयन पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिलहाल 19,838 सिपाही पदों के लिए जो भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उसमें 17 लाख आवेदन मिले हैं।  जिन्हें रिव्यू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में इस भर्ती प्रक्रिया के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।