बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ा वार: किशनगंज के एसडीपीओ और सहरसा के DRDA निदेशक पर EOU का छापा,आय से अधिक संपत्ति का मामला
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई अब तेज़ और निर्णायक होती दिख रही है। EOU ने मंगलवार की सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार और सहरसा के DRDA निदेशक वैभव कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, EOU को इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गुप्त सूचना मिली....
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई अब तेज़ और निर्णायक होती दिख रही है। EOU ने मंगलवार की सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार और सहरसा के DRDA निदेशक वैभव कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, EOU को इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गुप्त सूचना मिली थी। प्रारंभिक सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया और निगरानी की स्पेशल कोर्ट से तलाशी वारंट हासिल किया।
बिहार के कई जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू
इसके बाद टीम ने बिहार के कई जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की। सहरसा, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया और किशनगंज समेत कुल 12 अलग-अलग ठिकानों पर EOU की अलग-अलग टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। जांच के दौरान किशनगंज में तैनात एसडीपीओ गौतम कुमार के खिलाफ करीब 1 करोड़ 94 लाख 9 हजार 244 रुपये की आय से अधिक संपत्ति के प्रमाण मिले हैं। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 60.27 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इसी के तहत पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित उनके 6 ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
ज्ञात आय से लगभग 78.03 प्रतिशत अधिक
वहीं दूसरी ओर, सहरसा के DRDA निदेशक वैभव कुमार के खिलाफ 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य सामने आए हैं, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 78.03 प्रतिशत अधिक है। इस मामले में सहरसा और मुजफ्फरपुर में उनके 6 ठिकानों पर EOU की टीम कार्रवाई कर रही है। फिलहाल, सभी स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है और बड़ी मात्रा में दस्तावेज़ और संपत्ति के कागज़ात मिलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।













