पटना में BH सीरीज वाहनों पर सख्ती: 800 से ज्यादा गाड़ियों पर जुर्माना, बिना परमिट 575 वाहन भी पकड़े गए
पटना में परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। BH सीरीज के 800 से अधिक वाहनों पर टैक्स जमा न करने के कारण प्रति वाहन 2,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में सामने आया कि इन वाहन मालिकों ने एक साथ 14 वर्षों का टैक्स जमा नहीं किया था, जो नियमों का गंभीर....
पटना में परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। BH सीरीज के 800 से अधिक वाहनों पर टैक्स जमा न करने के कारण प्रति वाहन 2,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में सामने आया कि इन वाहन मालिकों ने एक साथ 14 वर्षों का टैक्स जमा नहीं किया था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
पहले दी गई थी चेतावनी
जिला परिवहन पदाधिकारी उपेंद्र पाल ने बताया कि विभाग ने कार्रवाई से पहले वाहन मालिकों को पर्याप्त समय दिया था। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर टैक्स जमा करने की सूचना भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों ने नियमों की अनदेखी की। यह कार्रवाई बिहार सरकार द्वारा 22 जुलाई 2024 को जारी गजट के निर्देशों के तहत की गई है। गजट में स्पष्ट किया गया था कि BH सीरीज के वाहन मालिकों को 60 दिनों के भीतर बकाया 12 साल का टैक्स जमा करना अनिवार्य होगा।
बिना परमिट वाहनों पर भी कड़ा एक्शन
इसी अभियान के दौरान बिहार परिवहन विभाग ने बिना वैध परमिट या परमिट फेल वाहनों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। कुल 575 वाहनों को चिन्हित किया गया। प्रत्येक पर 12,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि समय पर टैक्स जमा करें, सभी दस्तावेज अपडेट रखें, वैध परमिट के साथ ही वाहन चलाएं। इस पूरे अभियान का उद्देश्य न सिर्फ राजस्व वसूली बढ़ाना है, बल्कि वाहन मालिकों को नियमों के प्रति जिम्मेदार और अनुशासित बनाना भी है।













