TRE-4 Vacancy को लेकर पटना में आज बड़ा प्रदर्शन, नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सामने पहली चुनौती
बिहार सरकार के 32 मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी बीजेपी कोटे से मंत्री Mithilesh Tiwari को सौंपी गई है। इसी बीच आज राजधानी पटना में BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी...
बिहार सरकार के 32 मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी बीजेपी कोटे से मंत्री Mithilesh Tiwari को सौंपी गई है। इसी बीच आज राजधानी पटना में BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। छात्र नेता Dilip ने महाआंदोलन का ऐलान किया है, जिसे नए शिक्षा मंत्री के सामने पहली बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आंदोलन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे Patna College कैंपस से होगी। इसके बाद हजारों अभ्यर्थी मार्च निकालते हुए अशोक राजपथ, बिखना पहाड़ी, मछुआ टोली, खेतान मार्केट, बाकरगंज और Gandhi Maidan होते हुए BPSC कार्यालय पहुंचेंगे।
TRE-4 विज्ञापन में देरी से नाराज अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का आरोप है कि BPSC परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में कहा था कि TRE-4 का विज्ञापन तीन-चार दिनों में जारी कर दिया जाएगा और 25-26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लेकिन 8 मई तक भी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।छात्र नेता दिलीप ने कहा कि पिछले दो वर्षों से शिक्षा विभाग और BPSC लाखों युवाओं को सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। अब अभ्यर्थियों का धैर्य टूट चुका है और सरकार को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
13 लाख अभ्यर्थियों को नोटिफिकेशन का इंतजार
TRE-4 भर्ती को लेकर राज्यभर के करीब 13 लाख अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार और आयोग को जल्द संयुक्त विज्ञापन जारी करना चाहिए।TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग को इसके लिए अधियाचना फरवरी महीने में ही भेजी गई थी। बाद में शिक्षा विभाग ने इसे वापस लेकर वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया।
पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति
संभावित कार्यक्रम के अनुसार TRE-4 परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जा सकती है, जबकि परिणाम नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि अभी तक आयोग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।TRE-4 भर्ती में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक शिक्षकों की नियुक्ति के अलावा SC-ST तथा पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में भी शिक्षक और प्रधानाध्यापक पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग सभी पदों के लिए संयुक्त विज्ञापन जारी करेगा, जिसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।













