सुपौल में मंत्री विजय चौधरी की CM से अपील, कहा –बिहार को कभी अपने से दूर मत समझिएगा,मंच पर बोर्ड गिनते दिखे सीएम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ का तीसरा चरण मंगलवार को सुपौल पहुंचा, जहां उन्होंने जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कुल 213 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से सुपौल जिले के विकास को नई ....
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ का तीसरा चरण मंगलवार को सुपौल पहुंचा, जहां उन्होंने जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कुल 213 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से सुपौल जिले के विकास को नई रफ्तार मिलेगी और आम लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
84 योजनाओं का शिलान्यास और 129 योजनाओं का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 84 योजनाओं का शिलान्यास और 129 योजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, सरकारी भवन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग इस कार्यक्रम में मौजूद रहे, जिससे पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस मौके पर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “हमें आपके नेतृत्व में काम करने की आदत पड़ गई है। आप भले ही राज्यसभा चले जाइए, लेकिन बिहार और बिहारवासियों को कभी अपने से दूर मत समझिएगा। आपको बिहार की सरकार से हमेशा मतलब रखना पड़ेगा।”
बिहार के विकास में उनका योगदान ऐतिहासिक है
विजय चौधरी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि अगर वे दिल्ली भी जाते हैं तो वहां से भी बिहार के विकास पर पूरी नजर बनाए रखेंगे।वहीं मंत्री बीजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मुख्यमंत्री के काम की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के विकास में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि वे क्यों जा रहे हैं, लेकिन यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। उन्होंने कहा“इतना जरूर तय है कि उनके काम को इतिहास के पन्नों में जरूर लिखा जाएगा।वहीं कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। जब योजनाओं का शिलान्यास हो रहा था, तब मुख्यमंत्री खुद मंच पर लगे योजनाओं के बोर्ड गिनने लगे। उन्हें ऐसा करते देख वहां मौजूद अधिकारी भी बोर्ड गिनने लगे। यह दृश्य देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और चर्चा का माहौल बन गया।













