NEET UG Re-Exam 21 जून को, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान- अगले साल CBT मोड में होगी परीक्षा

देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। केंद्र सरकार ने नीट यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद नई परीक्षा तारीख का ऐलान कर दिया है। अब नीट री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। शिक्षा..

NEET UG Re-Exam 21 जून को, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान- अगले साल CBT मोड में होगी परीक्षा

देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। केंद्र सरकार ने नीट यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद नई परीक्षा तारीख का ऐलान कर दिया है। अब नीट री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि छात्रों के हितों को देखते हुए सरकार ने कड़ा फैसला लिया है और पेपर लीक मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाएगी।

केंद्र सरकार लगातार कार्रवाई कर रही 

शिक्षा मंत्री ने साफ कहा कि पेपर लीक और परीक्षा माफिया के खिलाफ केंद्र सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी Central Bureau of Investigation यानी CBI को सौंपी गई है। उनका कहना है कि इस बार जांच एजेंसी मामले की तह तक जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित 

सरकार ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि दोबारा होने वाली परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो लोग परीक्षा में गड़बड़ी करने की कोशिश करेंगे, उन्हें कड़ी सजा भुगतनी पड़ेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों से भी सावधान रहने की अपील की गई है।

कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी

इस बीच सरकार ने नीट परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अगले साल से नीट यूजी परीक्षा पारंपरिक OMR शीट की जगह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे पेपर लीक, नकल और अन्य गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।छात्रों को राहत देते हुए शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रद्द हुई परीक्षा की फीस वापस की जाएगी। वहीं नई परीक्षा के लिए किसी भी छात्र से दोबारा फीस नहीं ली जाएगी। सरकार ने इसे अपनी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि छात्रों पर किसी तरह का आर्थिक बोझ नहीं डाला जाएगा।

परीक्षा की अवधि भी बढ़ा दी गई है

नई परीक्षा में छात्रों को अपना परीक्षा शहर चुनने का मौका भी मिलेगा। इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। वहीं परीक्षा की अवधि भी बढ़ा दी गई है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी। यानी छात्रों को पहले के मुकाबले 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, नई परीक्षा के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। National Testing Agency जल्द ही परीक्षा से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन और जरूरी सूचना जारी करेगा।

यह फैसला परीक्षार्थियों को दुख पहुंचाने वाला था

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा 3 मई को हुई थी और 7 मई को एनटीए को शिकायत मिली कि गेस पेपर में कुछ ऐसे सवाल थे जो इस बार नीट की परीक्षा में पूछे गए थे। हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने तुरंत जांच शुरू की और इसे सरकारी एजेंसी को सौंप दिया। उन्होंने राज्य की एजेंसियों से संपर्क किया और 12 मई तक, हमें कंफर्म हो गया कि गेस पेपर की आड़ में, असली एग्जाम के सवाल लीक हो गए थे। इसी वजह से परीक्षा रद्द करनी पड़ी। हमें पता है कि यह फैसला परीक्षार्थियों को दुख पहुंचाने वाला था, लेकिन हमने उनके हित में ही यह फैसला किया। हम नहीं चाहते थे कि कोई भी काबिल स्टूडेंट फ्रॉड कैंडिडेट या एजुकेशन माफिया की साजिश की वजह से अपने हक से वंचित रहे।