बिहार में रसोई गैस को लेकर अफरा-तफरी, प्रशासन एक्शन मोड में; कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई,DM बोले– घबराकर बुकिंग न करें

बिहार में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच अब सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स और जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों....

बिहार में रसोई गैस को लेकर अफरा-तफरी, प्रशासन एक्शन मोड में; कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई,DM बोले– घबराकर बुकिंग न करें

बिहार में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच अब सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स और जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद डीएम ने कहा कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और घबराकर एडवांस बुकिंग करने की कोई जरूरत नहीं है।

रसोई गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी-उपमुख्यमंत्री 
उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग की मौजूदा व्यवस्था—मैसेज, व्हाट्सएप और ओटीपी—पूरी तरह से सक्रिय है। साथ ही नियम के अनुसार दो गैस सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 25 दिनों का अनिवार्य अंतराल अभी भी लागू है।प्रशासन ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे गैस वितरकों और डीलरों के ठिकानों पर नियमित छापेमारी करें, ताकि जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।इधर, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी गैस आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्य में एलपीजी की आपूर्ति में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि किसी भी हाल में रसोई गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी।

एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
सम्राट चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि संकट की स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई एजेंसी या बिचौलिया इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में अतिरिक्त गैस बुकिंग न करें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।