पटना बनेगा Smart City! सेंसर से चलेंगी लाइट, बटन दबाते ही रुकेगा ट्रैफिक
बिहार की राजधानी पटना अब तकनीक के मामले में नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। सोमवार को मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में हुई पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2914 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट पेश किया गया। यह बजट पूरी तरह ‘स्मार्ट टेक्नोलॉजी’ पर आधारित है, जो शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक....
बिहार की राजधानी पटना अब तकनीक के मामले में नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। सोमवार को मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में हुई पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2914 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट पेश किया गया। यह बजट पूरी तरह ‘स्मार्ट टेक्नोलॉजी’ पर आधारित है, जो शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं को आधुनिक रूप देगा।
अब खुद जलेंगी-बुझेंगी स्ट्रीट लाइटें
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि शहर की पुरानी स्ट्रीट लाइटों को अब IoT आधारित स्मार्ट लाइटों से बदला जाएगा। ये सेंसर लाइटें अंधेरा होते ही अपने आप जल उठेंगी और सुबह होते ही बंद हो जाएंगी।फिलहाल शहर में करीब 82 हजार लाइटें हैं, लेकिन अब नई कॉलोनियों और गलियों को भी इस स्मार्ट नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इन सभी लाइटों की मॉनिटरिंग एक सेंट्रलाइज्ड कमांड सेंटर से होगी, जिससे खराबी का तुरंत पता लगाया जा सकेगा।
पैदल यात्रियों के लिए ‘डिमांड लाइट’ सिस्टम
वहीं बजट में सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए ‘डिमांड लाइट’ सिस्टम लागू किया जाएगा।अब पैदल यात्री सिर्फ एक बटन दबाकर ट्रैफिक सिग्नल को लाल कर सकेंगे, जिससे वाहन रुक जाएंगे और सुरक्षित क्रॉसिंग संभव होगी।हालांकि, ट्रैफिक जाम से बचने के लिए इस सुविधा में 20 मिनट का अंतराल रखा गया है। पटना में प्रवेश करने वाले सात प्रमुख मार्गों पर आधुनिक और आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जिससे शहर की पहचान और खूबसूरती दोनों बढ़ेंगी।
GIS मैपिंग से बढ़ेगा राजस्व
नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शहर की सभी संपत्तियों की GIS मैपिंग कराई जाएगी। इससे होल्डिंग टैक्स चोरी पर लगाम लगेगी और राजस्व में इजाफा होगा।इस वित्तीय वर्ष में होल्डिंग टैक्स से 137 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए शहर के सभी छह अंचलों में शव वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर लोग आसानी से इनकी बुकिंग कर सकेंगे, जिससे कठिन समय में परिवारों को राहत मिलेगी। कुल मिलाकर, यह बजट पटना को एक आधुनिक, सुरक्षित और तकनीक-संचालित शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में राजधानी की सूरत और सुविधाएं दोनों बदलती नजर आएंगी।













