सैयद अता हसनैन बने बिहार के नए राज्यपाल, नंद किशोर यादव को मिली बड़ी जिम्मेदारी,सम्राट चौधरी ने दी बधाई
बिहार की राजनीति इन दिनों तेज़ हलचलों के दौर से गुजर रही है। इसी बीच केंद्र सरकार ने राज्य के संवैधानिक पद पर बड़ा बदलाव करते हुए नए राज्यपाल की नियुक्ति कर दी है। पूर्व सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी सूची में देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपालों की नियुक्ति...
बिहार की राजनीति इन दिनों तेज़ हलचलों के दौर से गुजर रही है। इसी बीच केंद्र सरकार ने राज्य के संवैधानिक पद पर बड़ा बदलाव करते हुए नए राज्यपाल की नियुक्ति कर दी है। पूर्व सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी सूची में देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपालों की नियुक्ति और तबादलों की घोषणा की गई है।
मौजूदा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लेंगे
नए आदेश के मुताबिक लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन बिहार के मौजूदा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लेंगे। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद राज्य में नई राजनीतिक संभावनाओं और नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं।सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी रहे हैं। उन्हें रणनीतिक मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एक और बड़े नाम को नई जिम्मेदारी
इसी सूची में बिहार की राजनीति से जुड़े एक और बड़े नाम को नई जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। नंद किशोर यादव पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रह चुके हैं और बिहार की राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है।नंद किशोर यादव की नियुक्ति पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई दी।
सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में लिखा...
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका अनुभव और कौशलपूर्ण नेतृत्व राज्यपाल के पद पर नई मिसाल कायम करेगा।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में राज्यपाल की यह नई नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब राज्य की राजनीति संभावित नेतृत्व परिवर्तन और नए समीकरणों की ओर बढ़ रही है, ऐसे में आने वाले दिनों में राजनीतिक हलचल और तेज़ हो सकती है।













