चुनाव हार के 20 दिन बाद तेजस्वी यादव यूरोप रवाना, पत्नी और दोनों बच्चे भी साथ,सदन से अनुपस्थिति पर उठा सवाल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के करीब 20 दिन बाद RJD नेता तेजस्वी यादव अपने परिवार—पत्नी और दोनों बच्चों—के साथ यूरोप यात्रा पर निकल गए हैं। उनकी इस विदेश यात्रा ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है, खासकर इसलिए क्योंकि वे कल (3 दिसंबर) और आज ( 4 दिसंबर) चले विधानसभा सत्र में शामिल...............

चुनाव हार के 20 दिन बाद तेजस्वी यादव यूरोप रवाना, पत्नी और दोनों बच्चे भी साथ,सदन से अनुपस्थिति पर उठा सवाल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के करीब 20 दिन बाद RJD नेता तेजस्वी यादव अपने परिवार—पत्नी और दोनों बच्चों—के साथ यूरोप यात्रा पर निकल गए हैं। उनकी इस विदेश यात्रा ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है, खासकर इसलिए क्योंकि वे कल (3 दिसंबर) और आज ( 4 दिसंबर) चले विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हुए।

बता दें कि बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव सबसे अधिक सुर्खियों में रहे। वे जीत को लेकर इतने आश्वस्त थे कि उन्होंने शपथ की तारीख तक घोषित कर दी थी—“14 नवंबर को रिजल्ट, 18 को शपथ” लेकिन परिणाम उम्मीदों के विपरीत रहे। NDA ने 202 सीटों के साथ सत्ता में जोरदार वापसी की, जबकि RJD महज 25 सीटों पर सिमट गई। पूरा महागठबंधन भी 35 का आंकड़ा पार नहीं कर पाया।

चुनाव बाद अचानक सार्वजनिक जीवन से गायब
वहीं चुनाव परिणाम के बाद तेजस्वी यादव का सार्वजनिक मंचों से अचानक दूर होना लगातार चर्चा में बना रहा। विधानसभा सत्र के पहले दो दिन वे सदन में नजर आए। उसके बाद उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे पटना एयरपोर्ट पर दिखाई दिए—कहा गया कि वे दिल्ली जा रहे हैं।उनकी अनुपस्थिति पर BJP विधायक नीरज कुमार ने तीखा हमला बोलते हुए पूछा, “तेजस्वी यादव सदन से गायब क्यों हैं? वे आखिर कहां हैं?”

शपथ समारोह में भी नहीं पहुंचे तेजस्वी
गौरतलब हो कि 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में नया राजनीतिक इतिहास लिखा गया। प्रधानमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और 11 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। तेजस्वी यादव के लिए सीट आरक्षित थी और निमंत्रण भी भेजा गया था, लेकिन वे समारोह में नजर नहीं आए। 14 से 23 नवंबर के बीच तेजस्वी न तो किसी चुनावी समीक्षा बैठक में दिखे, न मीडिया के सामने आए और न किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में, बीच-बीच में वे कुछ शादियों में जरूर दिखाई दिए।वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने सिर्फ एक औपचारिक बधाई संदेश देकर नीतीश सरकार को शुभकामनाएं दीं।

RJD में अंदरूनी हलचल तेज
इन 20 दिनों में RJD में कई मुद्दों को लेकर गहमागहमी रही चुनावी हार की समीक्षा, नेताओं की आपसी नाराजगी, परिवार के भीतर असहमति, संगठन में उथल-पुथल। इसी बीच तेजस्वी यादव का अचानक यूरोप रवाना होना विपक्ष और उनकी पार्टी दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है।