विजय सिन्हा बोले- विभाग बदल सकता है, लेकिन जनता के लिए लड़ने का इरादा नहीं
मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘बिहार लीची संगम’ कार्यक्रम के दौरान बिहार की राजनीति उस वक्त गरमा गई, जब पूर्व डिप्टी सीएम और कृषि मंत्री Vijay Kumar Sinha ने मंच से बड़ा बयान दे दिया। राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम...
मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘बिहार लीची संगम’ कार्यक्रम के दौरान बिहार की राजनीति उस वक्त गरमा गई, जब पूर्व डिप्टी सीएम और कृषि मंत्री Vijay Kumar Sinha ने मंच से बड़ा बयान दे दिया। राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने साफ कहा कि विभाग बदल जाने से उनका काम करने का तरीका और सोच नहीं बदली है।
अपने संबोधन में विजय सिन्हा ने कहा, “अब सिर्फ विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी हूं। पूरे बिहार के लोगों की चिंता है और उनकी जमीन सुरक्षित रखने का संकल्प आज भी कायम है।” उनके इस बयान को राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
भ्रष्टाचार पर बिना नाम लिए हमला
कार्यक्रम के दौरान विजय सिन्हा ने बिना किसी का नाम लिए भ्रष्टाचार और गड़बड़ी करने वालों पर भी तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भी वे किसी अनियमितता या बेईमानी के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हैं, तब तक उनका विभाग बदल दिया जाता है।
उन्होंने कहा, “हम पढ़ाई एक विषय की करते हैं, लेकिन परीक्षा में सवाल दूसरे विषय का आ जाता है। फिर भी पूरी मेहनत से काम करते हैं। जो पढ़ाने वाले लोग हैं, वही गड़बड़ी करने लगते हैं। जब उनकी पोल खुलती है और हम कार्रवाई शुरू करते हैं, तब कुछ लोग परेशान हो जाते हैं।”
“विभाग बदल सकता है, इरादा नहीं”
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि कुछ लोगों को लगा कि राजस्व विभाग से हटने के बाद उन्हें राहत मिल जाएगी, लेकिन उनका स्वभाव और जनता के लिए लड़ने का तरीका नहीं बदलने वाला।
उन्होंने कहा, “मौसम अपने हिसाब से चलता है और इंसान का स्वभाव भी वैसा ही रहता है। विभाग बदल सकता है, लेकिन जनता के लिए काम करने का इरादा नहीं बदलता।”
जमीन सुरक्षा को लेकर दोहराया संकल्प
विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार के लोगों की जमीन सुरक्षित रहे, इसके लिए वे आगे भी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे कोई भी विभाग मिले, जनता की समस्याओं के समाधान और बिहारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।













