बिहार में बदला मौसम का मिजाज, पटना समेत कई जिलों में आंधी-बारिश
बिहार में शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग की ओर से पूरे राज्य में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज हवाओं
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पटना में सुबह से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं। वहीं खगड़िया में सुबह-सुबह बारिश हुई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया।
रोहतास , बक्सर भी तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई। औरंगाबाद, कैमूर, छपरा, जहानाबाद, नालंदा, बगहा, गया, गोपालगंज और सीवान में भी सुबह से बारिश हो रही है।
राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से उमस में कमी महसूस की गई। बेगूसराय में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि पटना और समस्तीपुर समेत कई जिलों में धूप निकलने के बावजूद मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में बन रही मौजूदा स्थिति प्री-मानसून गतिविधियों की ओर इशारा कर रही है। आमतौर पर मई के अंतिम सप्ताह और जून की शुरुआत में बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगती है, जिससे राज्य में गरज-तड़क, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो जाता है। फिलहाल जो मौसम बन रहा है, वह उसी प्री-मानसून पैटर्न का हिस्सा माना जा रहा है।
बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है
हालांकि अभी दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री बिहार में नहीं हुई है, लेकिन मौसम का स्वरूप मानसून पूर्व गतिविधियों जैसा दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है।
इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बादल बन रहे हैं और बारिश के साथ तेज हवा चल रही है। दिन में गर्मी और नमी बढ़ने से शाम के समय आंधी और वज्रपात की स्थिति बन रही है।
तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में फिर 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।













