बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव : बीजेपी ने खेला युवा कार्ड, नितिन नवीन के करीबी अभिषेक कुमार बंटी बने उम्मीदवार
पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने इस बार युवाओं पर भरोसा जताते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार बंटी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले को संगठन में युवाओं को आगे बढ़ाने और जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
DESWA DESK : पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने इस बार युवाओं पर भरोसा जताते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार बंटी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले को संगठन में युवाओं को आगे बढ़ाने और जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
नितिन नवीन के बेहद करीबी हैं अभिषेक बंटी
राजनीतिक गलियारों में अभिषेक कुमार बंटी को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बेहद करीबी और भरोसेमंद माना जाता है। नितिन नवीन के साथ मिलकर उन्होंने पटना और बिहार के विभिन्न हिस्सों में पार्टी के कई बड़े सांगठनिक कार्यक्रमों की कमान संभाली है। इस उपचुनाव में टिकट की रेस में कई बड़े नाम शामिल थे, लेकिन सांगठनिक पकड़ और वफादारी के बूते अभिषेक बंटी बाजी मारने में सफल रहे।
मजबूत सांगठनिक पृष्ठभूमि, कार्यकर्ताओं में पैठ
अभिषेक कुमार बंटी की सांगठनिक पृष्ठभूमि काफी मजबूत रही है। वर्तमान में वे भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वे पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। इसके अलावा जमीनी स्तर पर कार्य किया है। कृष्णा नगर मंडल और गौतम बुद्ध मंडल में विभिन्न सांगठनिक पदों पर रहते हुए बूथ स्तर तक काम किया है।
अभिषेक बंटी स्थानीय और ऊर्जावान चेहरा
पटना के स्थानीय युवाओं और पार्टी के कोर कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। बांकीपुर सीट हमेशा से बीजेपी का गढ़ रही है। अभिषेक बंटी एक स्थानीय और ऊर्जावान चेहरा हैं, जो लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और वे दावा कर रहे हैं कि पार्टी बड़े अंतर से इस सीट पर जीत दर्ज करेगी।













