बांकीपुर उपचचुनाव : दिन चढ़ने के साथ रफ्तार पकड़ते मतदान के बीच 1.17 लाख कैश बरामद, बूथ-143 पर ईवीएम खराब होने के बाद हंगामा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान के बीच सियासी सरगर्मी और पुलिस की सख्ती का दौर जारी है। शुरुआती सुस्ती के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, मतदान प्रतिशत में भी सुधार देखा जा रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक बांकीपुर सीट पर 11.5 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले 2025 के विधानसभा चुनाव की तुलना में सात प्रतिशत कम है।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान के बीच सियासी सरगर्मी और पुलिस की सख्ती का दौर जारी है। शुरुआती सुस्ती के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, मतदान प्रतिशत में भी सुधार देखा जा रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक बांकीपुर सीट पर 11.5 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले 2025 के विधानसभा चुनाव की तुलना में सात प्रतिशत कम है।
इधर मतदान के बीच सुरक्षा और जांच टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चुनाव क्षेत्र से एक लाख 17 हजार नकदी बरामद की गई है। पुलिस और फ्लाइंग स्क्वाड की टीम इस बरामद रकम को लेकर संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।मतदान की प्रक्रिया के बीच जनसुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर (पीके) ने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सीधा हमला बोला है। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस बल जनसुराज के कार्यकर्ताओं व पोलिंग एजेंटों को बेवजह परेशान कर रहे हैं।
पीके ने कहा कि पुलिस हमारे समर्थकों और मतदाताओं को डरा-धमका रही है। कई बूथों के बाहर से जनसुराज के कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए हेल्प डेस्क को जबरन हटाया गया है ताकि मतदाताओं को सहयोग न मिल सके। इसी बीच, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के किदवईपुरी स्थित बूथ संख्या 101 पर स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। पुलिस की मौजूदगी में ही बीजेपी और जनसुराज के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और जमकर धक्का-मुक्की हुई।
जनसुराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी पोलिंग बूथ पर आम मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। हालांकि स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर दोनों गुटों को अलग किया और मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारू कराया। प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे आरोप-प्रत्यारोप और बूथों पर झड़प की घटनाओं ने बांकीपुर के चुनावी माहौल में भारी गर्माहट ला दी है।
करीब साढ़े बारह बजे दोपहर में दलदली के बूथ-143 पर ईवीएम में खराबी आने पर उसे बदला गया। हालांकि इसको लेकर कुछ लोगों ने वहां हंगामा भी किया। हालांकि बाद में खराब ईवीएम को बदल दिया गया। बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान शाम छह बजे तक होगा। निर्वाचन क्षेत्र के 379616 मतदाता 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 200060 और महिला मतदाताओं की संख्या 179533 है, जबकि 23 ट्रांसजेंडर मतदाता भी चुनाव में वोट डालेंगे। यहां के विधायक नितिन नवीन के बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए और इसके बाद खाली हुई इस सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। यहां बीजेपी के नीरज सिनहा, आरजेडी की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच मुख्य मुकाबला है। उपचुनाव के नतीजे तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे।













