बांकीपुर उपचुनाव : जेजेडी प्रत्याशी का नामांकन रद्द, चुनावी रेस से क्यों बाहर हुईं वीणा मानवी ?
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की घोषित प्रत्याशी और समाजसेवी वीणा मानवी का नामांकन पत्र मंगलवार को जांच (स्क्रूटनी) के दौरान रद्द कर दिया गया है। निर्वाचन पदाधिकारी ने संवीक्षा के बाद उनके नामांकन को अमान्य घोषित कर दिया।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की घोषित प्रत्याशी और समाजसेवी वीणा मानवी का नामांकन पत्र मंगलवार को जांच (स्क्रूटनी) के दौरान रद्द कर दिया गया है। निर्वाचन पदाधिकारी ने संवीक्षा के बाद उनके नामांकन को अमान्य घोषित कर दिया।
अब बांकीपुर उपचुनाव का पूरा परिदृश्य और सियासी समीकरण अचानक बदलता नजर आ रहा है। प्रशासनिक गलियारों और निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान निर्वाचन पदाधिकारी ने वीणा मानवी के दस्तावेजों को अमान्य करार दिया।
हालांकि उनका नामांकन किस तकनीकी त्रुटि या कानूनी वजह से रद्द किया गया है, इसकी आधिकारिक और विस्तृत वजह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि निर्वाची पदाधिकारी जल्द ही इस पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जारी कर सकते हैं।
वीणा मानवी के लिए पिछले 24 घंटे बेहद नाटकीय और उतार-चढ़ाव भरे रहे। वीणा मानवी सोमवार को कलेक्ट्रेट में अपना पर्चा दाखिल कर जैसे ही बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें एक पुराने लंबित मामले में हिरासत में ले लिया। इस घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
हिरासत में लिए जाने के कुछ ही घंटों बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें सोमवार को ही जमानत मिल गई थी, जिससे उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली थी।अभी समर्थक उनके प्रचार की रणनीति बना ही रहे थे कि मंगलवार दोपहर संवीक्षा के दौरान निर्वाचन अधिकारी द्वारा उनका नामांकन रद्द किए जाने की खबर ने पार्टी को बड़ा झटका दे दिया है।













