बीडीओ पर दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप, महिला दारोगा से प्रेम प्रसंग का दावा, जबरन घसीटने का फुटेज भी हुआ वायरल
दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार पर अपनी ही पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज मामले में मृतका के परिजनों ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाने में बीडीओ और उनके परिवार के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की गति तेज कर दी है।
DESWA DESK : दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार पर अपनी ही पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज मामले में मृतका के परिजनों ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाने में बीडीओ और उनके परिवार के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की गति तेज कर दी है।
मायके वालों ने बीडीओ मनोज कुमार पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। एफआईआर के मुताबिक, बीडीओ का बेगूसराय के एक थाने में तैनात एक महिला दारोगा के साथ प्रेमप्रसंग चल रहा था। अमृता ने जब इस अवैध संबंध का विरोध किया, तो उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का दावा है कि अमृता की मौत से महज 10-15 दिन पहले बीडीओ द्वारा दस लाख रुपये की बड़ी रकम की मांग भी की गई थी। मृतका के भाई ने कहा कि शुक्रवार की देर रात अमृता को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर मार दिया गया। ससुराल वाले उसे अचेत हालत में मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए थे। जब हम सूचना पाकर सीतामढ़ी से पहुंचे और उसे बेहतर इलाज के लिए ले जाने लगे, तब तक उसने दम तोड़ दिया।
यह विवाद नया नहीं था, बल्कि पिछले एक साल से प्रताड़ना का दौर जारी था। परिजनों के अनुसार, इसी साल जनवरी में जाले स्थित सरकारी आवास का दरवाजा बंद करके बीडीओ ने अमृता की इस कदर पिटाई की थी कि उसकी रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई थी। इस बीच सोशल मीडिया पर 19 मार्च 2025 का एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग अमृता कुमारी को जबरन घसीटते हुए एक गाड़ी में बैठाते दिख रहे हैं, जिसने मामले को और पेचीदा बना दिया है।
मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के लिखित बयान के आधार पर बीडीओ मनोज कुमार, उनके माता-पिता, भाई और बहन समेत पूरे ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आपको बता दें कि सीतामढ़ी के परिहार बथुआरा की रहने वाली अमृता की शादी साल 2023 में बीडीओ मनोज कुमार से हुई थी। शादी के शुरुआती साल सब ठीक रहा, लेकिन पिछले एक साल से दहेज के लिए दबाव और प्रताड़ना का सिलसिला चरम पर पहुंच गया था, जिसका अंत इस खौफनाक वारदात के रूप में हुआ। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।













