प्यार में धोखा : प्रेमी ने पहले रुकवाई शादी, फिर खुद फेरे लेने से मुकरा; अश्लील तस्वीरें वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे प्रेमी ने न सिर्फ अपनी ही प्रेमिका की जिंदगी दांव पर लगा दी, बल्कि उसकी शादी टूटने के बाद खुद भी उसे अपनाने से इनकार कर दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला अब थाने पहुंच चुका है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरे इलाके में इस अनोखी और धोखे से भरी लव स्टोरी की जोरदार चर्चा हो रही है।
DESWA DESK : पश्चिम चंपारण जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे प्रेमी ने न सिर्फ अपनी ही प्रेमिका की जिंदगी दांव पर लगा दी, बल्कि उसकी शादी टूटने के बाद खुद भी उसे अपनाने से इनकार कर दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला अब थाने पहुंच चुका है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरे इलाके में इस अनोखी और धोखे से भरी लव स्टोरी की जोरदार चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती की शादी 29 जून (सोमवार) को होने वाली थी। घर में बारात के स्वागत और शहनाइयों की गूंज की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी बीच, युवती के प्रेमी आलोक कुमार को जैसे ही शादी तय होने की भनक लगी, उसने शादी तुड़वाने की एक खौफनाक साजिश रच डाली। आलोक ने युवती के साथ बिताए निजी पलों की तस्वीरें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री होने वाले दूल्हे और उसके परिवार को भेज दी। अपनी होने वाली बहू की निजी तस्वीरें देख लड़के वाले भड़क गए और उन्होंने आनन-फानन में शादी का रिश्ता तोड़ दिया। इतना ही नहीं, लड़के पक्ष ने सगाई में मिले नकद रुपये और उपहार भी लड़की वालों को वापस लौटा दिए।
रिश्ता टूटने के बाद जब लड़की के परिवार ने आरोपी प्रेमी आलोक पर खुद शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। इसी बीच मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपी के पिता ने पंचायत बुलाई और पीड़ित परिवार को मामला मैनेज करने के लिए एक लाख रुपये का ऑफर दे डाला। हालांकि, प्यार में धोखा खा चुकी प्रेमिका अब भी उसी प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने कहा कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी आलोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। कानून को हाथ में लेने या सामाजिक दबाव बनाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर प्रेमी आलोक की कड़ी निंदा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उसने न सिर्फ एक लड़की की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि उसकी जिंदगी और भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के परिवार को भी समझाने और कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने की कोशिश कर रही है।













