बंटी यादव हत्याकांड : घोर लापरवाही पर चार पुलिसकर्मी सस्पेंड; सेक्स रैकेट खत्म करने को 50 स्पा पार्लरों पर रेड
पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने पर हुए बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस पर गाज गिरी है। हत्याकांड के सात दिन बाद आखिरकार पुलिस कड़े एक्शन मोड में नजर आ रही है। पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिस पदाधिकारियों और एक गृहरक्षक (होमगार्ड) समेत चार कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
DESWA DESK : पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने पर हुए बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस पर गाज गिरी है। हत्याकांड के सात दिन बाद आखिरकार पुलिस कड़े एक्शन मोड में नजर आ रही है। पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिस पदाधिकारियों और एक गृहरक्षक (होमगार्ड) समेत चार कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
निलंबित होने वालों में एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, अवधेश कुमार, वीर बहादुर सिंह और गृहरक्षक सुदर्शन प्रसाद शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि छह जुलाई की रात जब बंटी यादव का अपहरण किया जा रहा था, तब ये चारों पुलिसकर्मी घटनास्थल से महज 100 मीटर के दायरे में ही गश्ती और डायल-112 की ड्यूटी पर तैनात थे। इतनी नजदीकी के बावजूद वारदात की भनक तक न लगना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इसी घोर लापरवाही को आधार बनाते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की है।
बंटी यादव की हत्या के बाद फैले जनाक्रोश और सेक्स रैकेट के खुलासे के बाद सोमवार को पटना पुलिस ने शहर के स्पा और ब्यूटी पार्लरों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया। सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक थानों की पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने पटना के 50 से अधिक स्पा और ब्यूटी पार्लरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। डाकबंगला चौराहा के लोकनायक जयप्रकाश भवन स्थित पार्लरों में गहन तलाशी ली गई। वहीं, गांधी मैदान इलाके के दूल्हे राजा पार्लर में छापेमारी कर पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
इधर, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पीड़ित बंटी यादव के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। बंटी की मां और परिजनों की चीख-पुकार के बीच सांसद भावुक हो गए और उन्होंने पुलिस प्रशासन व सरकार पर तीखा हमला बोला। सांसद पप्पू यादव ने सीधे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील करते हुए कहा कि मेरे बच्चे को चार दिनों तक तड़पा-तड़पा कर मारा गया, तेजाब से जलाया गया। आरोपियों को भी वैसी ही खौफनाक मौत मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री जी, आप चाहें तो सब मुमकिन है। पटना और इसके आसपास के इलाकों नालंदा, बिहटा और हाजीपुर से इस अवैध सेक्स रैकेट के पूरे नेटवर्क को हमेशा के लिए नेस्तनाबूद कर दीजिए।
सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर तंज कसते हुए कहा कि अबतक पुलिस कुंभकर्णी नींद में सोई थी। मेरे आने की खबर मिलते ही आनन-फानन में निलंबन और छापेमारी का नाटक किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि छापेमारी से पहले ही संबंधित थानेदारों ने पार्लर संचालकों को अलर्ट कर दिया होगा, जिसके चलते कई जगहों पर पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।













