अपराधी अपराध छोड़ें या बिहार, नहीं तो गयाजी में होगा पिंडदान, CM बोले- नीट में गड़बड़ी रोकने को तीन दिन नहीं सोया
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि अपराधियों को हर हाल में बिहार छोड़ना होगा। अगर वे अपराध नहीं छोड़ते हैं तो उनका गयाजी में पिंडदान होगा। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान चलता रहेगा। नीट परीक्षा का जिक्र करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए मैं तीन दिन सोया नहीं हूं। राजधानी पटना के एसके मेमोरियल हॉल में आज अतिपिछड़ा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि कोई गलतफहमी में मत रहना साथियों। मैं अतिपिछड़ा समाज का अंगरक्षक हूं और बिहार में इनकी आबादी 35-36 प्रतिशत है।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि अपराधियों को हर हाल में बिहार छोड़ना होगा। अगर वे अपराध नहीं छोड़ते हैं तो उनका गयाजी में पिंडदान होगा। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान चलता रहेगा। नीट परीक्षा का जिक्र करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए मैं तीन दिन सोया नहीं हूं।
राजधानी पटना के एसके मेमोरियल हॉल में आज अतिपिछड़ा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि कोई गलतफहमी में मत रहना साथियों। मैं अतिपिछड़ा समाज का अंगरक्षक हूं और बिहार में इनकी आबादी 35-36 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि आरजेडी की औकात से ज्यादा बीजेपी में पिछड़ा वर्ग के विधायक हैं। वहीं, 10 सर्कुलर रोड वाले राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर उन्होंने बिना किसी का नाम लिए हुए कहा कि मैं तीन से ज्यादा नोटिस नहीं देता। कुछ लोग अब घर और सुरक्षा को लेकर राजनीति कर रहे हैं। लालू यादव को तो बुलेटप्रूफ सुरक्षा मिली हुई है।
राबड़ी देवी को भी यह सुरक्षा हासिल है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि लालू यादव के पास कितने घर हैं, आजतक कोई गिन पाया है। लेकिन अब पटना से दिल्ली तक उनकी पूरी संपत्ति का इतिहास खंगाला जा रहा है। अतिपिछड़ा समाज की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज में इतनी ताकत है कि वअ अगले 20 वर्षों तक राजद को सत्ता नहीं आने देगा।
उन्होंने कहा कि पिछड़े और अतिपिछड़ा समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपराधियों के आगे नहीं झुकता हूं और जबतक आपका सम्राट चौधरी यहां बैठा है, कोई आपका बाल भी बांका नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित है और यह रहेगा। इसको तोड़ने की कोशिश करने वाले को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। पुलिस को मैंने खुली छूट दे दी है और 48 घंटे में रिजल्ट भी मिल रहा है।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भी चेताया और कहा कि जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













