शातिर महिला अफसर का घिनौना चेहरा बेनकाब : एमवीआई पत्नी ने चार लाख की सुपारी देकर ट्रेन में करा दी पति की हत्या
कटिहार में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा तार-तार कर दिया है। एक पत्नी समिता कुमारी (परिवहन विभाग में एमवीआई) ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर, अपने ही पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए चार लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करा दी। वारदात को लूटपाट का रूप देने की हर मुमकिन कोशिश की गई, लेकिन कटिहार रेल पुलिस के वैज्ञानिक अनुसंधान ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
DESWA DESK : कटिहार में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा तार-तार कर दिया है। एक पत्नी समिता कुमारी (परिवहन विभाग में एमवीआई) ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर, अपने ही पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए चार लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करा दी। वारदात को लूटपाट का रूप देने की हर मुमकिन कोशिश की गई, लेकिन कटिहार रेल पुलिस के वैज्ञानिक अनुसंधान ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसके तीनों मुख्य किरदार पढ़े-लिखे और सरकारी पदों पर तैनात हैं। पुलिस जांच में जो नाम और उनके पद सामने आए हैं, उसने सबको हैरान कर दिया है। मृतक देवकुमार गुंजन बिजली विभाग में ग्रेड-वन टेक्नीशियन थे। जबकि उनकी आरोपी पत्नी समिता कुमारी परिवहन विभाग में एमवीआई यानी मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर है, जो सुपौल में तैनात है। वहीं, पत्नी का प्रेमी अजीत कुमार भी बिजली विभाग में ग्रेड-वन टेक्नीशियन है, जो नालंदा में पोस्टेड है। रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने बुधवार को कटिहार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि आरोपी पत्नी समिता कुमारी (एमवीआई) पहले खुद भी बिजली विभाग में ही ग्रेड-वन टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थी। इसी दौरान नालंदा में तैनात अजीत कुमार से उसकी मुलाकात हुई। 2017 में दोनों सीतामढ़ी में भी लंबे समय तक साथ रहे, जहां यह दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2018 में स्मिता के घरवालों ने उसकी शादी देवकुमार गुंजन से करा दी। दोनों की एक बेटी भी है। समिता कुमारी बाद में परिवहन विभाग में एमवीआई बन गई, लेकिन शादी के बाद भी स्मिता और अजीत का अवैध संबंध जारी रहा, जिसमें पति देवकुमार गुंजन सबसे बाधा बन रहे थे।
अवैध संबंधों की राह से बाधा बने पति को रास्ते से हटाने के लिए स्मिता और अजीत ने जहानाबाद के पेशेवर अपराधी राजू कुमार उर्फ धीरज को चार लाख रुपये की सुपारी दी। 11 जून 2026 को मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदलाघाट के पास यूपी जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस में सफर कर रहे देवकुमार गुंजन को सुपारी किलर ने गोली मार दी। पति की मौत के बाद शातिर पत्नी समिता कुमारी ने रोने-बिलखने हुए लूट के दौरान पति की हत्या की एफआईआर भी दर्ज कराई।
इसके बाद एमवीआई पत्नी ने सहानुभूति बटोरने के लिए अपने ग्रुप में मैसेज भी किया जिसमें उसने लिखा-
'आप सभी को मालूम होगा कि मेरे पति की चलती ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये घटना दिनांक 11.06.2026 को शाम को घटित हुई है। मेरी 3 साल की बच्ची है। मुझे मेरी मासूम-सी बच्ची के पिता के पुण्य आत्मा की शांति के लिए अपराधी का पकड़ा जाना अतिआवश्यक है। घटना के इतना दिनों के बाद भी क़ातिल का कोई आता पता नहीं लगा है। अपराधी मेरी दुनिया उजाड़ कर खुले में घूम रहा है। मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है सिवाए अपराधी को पकड़वाने के। अपराधी को पकड़वाने के लिए मुझे आप सब mvi family के सदस्य के साथ एवं सहयोग और हिम्मत की जरूरत है। कृप्या मुझे मार्गदर्शन दें..अपराधी को पकड़वाने हेतु मुझे क्या करना चाहिए। मुझे और मेरी बच्ची को इंसाफ चाहिए।'
हालांकि वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान में उसकी सारी चालाकियां बेनकाब हो गई। रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। शुरुआती जांच में ही पुलिस को स्मिता के बयानों पर शक हुआ। इसके बाद जब पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान शुरू किया और साक्ष्यों, सीडीआर और मोबाइल लोकेशन को खंगालना शुरू किया, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि यह पूरी तरह से एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे लूट का रूप देने की भरपूर कोशिश की गई थी। हालांकि वैज्ञानिक अनुसंधान और मोबाइल टावर लोकेशन के जरिए साज़िश बेनकाब हुई। आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और सुपारी किलर राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।













