राजधानी पटना के कई प्रमुख मार्गों पर नहीं चलेंगी ई-रिक्शा, ऑटो के प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग Colour Code
जधानी पटना के शहरी क्षेत्र में बेली रोड, पुरानी बाईपास, एक्जीविशन रोड, बाकरगंज, फ्रेजर रोड, गांधी मैदान, अनिसाबाद से फुलवारीशरीफ, अटल पथ एवं गंगा पथ पर ई-रिक्शा का परिचालन नहीं होगा। इसको लेकर शीघ्र ही आदेश जारी हो सकता है।
DESWA DESK : राजधानी पटना के शहरी क्षेत्र में बेली रोड, पुरानी बाईपास, एक्जीविशन रोड, बाकरगंज, फ्रेजर रोड, गांधी मैदान, अनिसाबाद से फुलवारीशरीफ, अटल पथ एवं गंगा पथ पर ई-रिक्शा का परिचालन नहीं होगा। इसको लेकर शीघ्र ही आदेश जारी हो सकता है।
प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े की अध्यक्षता में आज आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में पटना शहरी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा के परिचालन को नियंत्रित करने के साथ परमिट निर्गमन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पटना शहरी क्षेत्र में तीन पहिया वाहनों के सुगमतापूर्वक परिचालन के लिए तीन जोन में बांटकर प्रत्येक जोन के निर्धारित रूट के अनुरूप Carrying Capacity के आधार पर तीन पहिया वाहनों का परमिट निर्गत करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त रिजर्व, प्रीपेड में चलने वाले ऑटो के लिए फ्री जोन बनाने का भी निर्णय लिया गया।
साथ ही, पटना शहरी क्षेत्र में कुछ मुख्य सड़कों-जैसे बेली रोड, पुरानी बाईपास, एक्जीविशन रोड, बाकरगंज, फ्रेजर रोड, गांधी मैदान, अनिसाबाद से फुलवारीशरीफ, अटल पथ एवं गंगा पथ पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से ई-रिक्शा का परिचालन प्रतिबंधित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में विभिन्न रूटों के बीच Conflict/Overlapping को कम करने एवं यातायात व्यवस्था को सुगम तथा सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के सभी रूटों को जोनों में विभाजित करते हुए प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग Colour Code निर्धारित किया गया है। ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के जोन एवं रूट का निर्धारण करते समय इस बात को ध्यान में रखा गया है कि सभी स्तर के रूटों को समाहित करते हुए आवश्यकतानुसार विभाजित किया जाए, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचने में सुविधा हो सके।
परिवहन विभाग के सचिव ने कहा कि पहले हमें शहरों में परिचालित ऑटो, ई-रिक्शा का विस्तृत डेटाबेस बना लेना चाहिए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर ऑटो चालक संघों के माध्यम से विहित प्रपत्र में सूचनाओं को प्राप्त कर उसे डिजिटाइज कराया जाए। सॉफ्टवेयर का निर्माण परिवहन विभाग के स्तर से राज्य के सभी जिलों के लिए कराया जाएगा। उसके बाद ऑटो, ई-रिक्शा को शहरी क्षेत्र में परमिट निर्गत करने के लिए ऑनलाईन आवेदन प्राप्त कर अग्रतर कार्रवाई की जायेगी।













