5585 बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर नि:शुल्क सोलर पैनल 30 अक्टूबर तक, 28 हजार लाभुकों को मिलेगी अब इतनी सब्सिडी
गैर-बीपीएल परिवारों के लिए भी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गैर-बीपीएल लाभार्थियों को सोलर पैनल लगाने पर दस हजार रुपये प्रति किलोवाट तथा अधिकतम 20 हजार प्रति लाभार्थी की अतिरिक्त सब्सिडी दी जा रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी को मिलाकर एक किलोवाट पर 40 हजार, दो किलोवाट पर 80 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक पर अधिक 98 हजार तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा। यह लाभ पटना जिला के पात्र लाभार्थियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
DESWA DESK : पटना डीएम (जिलाधिकारी) कुंदन कुमार ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित लक्ष्य को समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सोलर पैनल स्थापना के कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पटना जिले में 30 अक्टूबर तक 5,585 बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर निःशुल्क सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरुद्ध अब तक 1375 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष परिवारों के घरों की छतों पर भी शीघ्र सोलर पैनल लगाने का कार्य किया जा रहा है।
गैर-बीपीएल परिवारों के लिए भी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गैर-बीपीएल लाभार्थियों को सोलर पैनल लगाने पर दस हजार रुपये प्रति किलोवाट तथा अधिकतम 20 हजार प्रति लाभार्थी की अतिरिक्त सब्सिडी दी जा रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी को मिलाकर एक किलोवाट पर 40 हजार, दो किलोवाट पर 80 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक पर अधिक 98 हजार तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा। यह लाभ पटना जिला के पात्र लाभार्थियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के इच्छुक गैर-बीपीएल परिवारों के लिए ऋण सुविधा का भी प्रावधान है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि इच्छुक एवं पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण की सुविधा उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार अपने घरों पर सोलर पैनल स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ-साथ हरित ऊर्जा को बढ़ावा एवं पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। बैंकों को योजना के इच्छुक लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पटना जिले में 30 अक्टूबर तक 28 हजार गैर-बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक दस हजार तीन सौ से अधिक गैर-बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन 30 से अधिक सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को इसमें और तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सोलर स्ट्रक्चर एवं सोलर पैनल की सप्लाई चेन को मजबूत रखा जाए, ताकि सामग्री की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा न हो और निर्धारित समयसीमा में अधिक से अधिक लाभार्थियों के घरों पर सोलर पैनल स्थापित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में गति के साथ-साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें।