गयाजी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराने के बाद कार में लगी आग, दो लोग जिंदा जले; शराब की खाली बोतलें बरामद
बिहार के गयाजी जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। डोभी-पटना फोरलेन सड़क पर बुधवार की देर रात एक अनियंत्रित कार और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के टकराते ही कार में अचानक ब्लास्ट हुआ और वह आग का गोला बन गई। कार सवारों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।
DESWA DESK : बिहार के गयाजी जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। डोभी-पटना फोरलेन सड़क पर बुधवार की देर रात एक अनियंत्रित कार और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के टकराते ही कार में अचानक ब्लास्ट हुआ और वह आग का गोला बन गई। कार सवारों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।
चश्मदीदों के मुताबिक हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के सिजूआ गांव के समीप हुआ। टक्कर के बाद कार धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं और आसमान में धुएं का गुब्बार इस कदर उठ रहा था कि इसे कई किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक कार के भीतर मौजूद दोनों लोग पूरी तरह कंकाल बन चुके थे।
पुलिस के अनुसार दोनों शव इस हद तक जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर के जरिए मालिकों और मृतकों की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार के मलबे से शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस अब इस एंगल पर भी तफ्तीश कर रही है कि कहीं चालक शराब के नशे में तो नहीं था, जिसके कारण कार से नियंत्रण खो गया और यह दर्दनाक हादसा हुआ।













