पत्नी की विदाई के लिए पति का 'शोले' स्टाइल ड्रामा : चार साल से मायके में थी बीवी, ससुराल वालों को मनाने सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

'जब तक बीवी की विदाई नहीं होगी, नीचे नहीं उतरूंगा...' कुछ इसी फरियाद के साथ एक नाराज पति मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा करता रहा। गोपालगंज के कटेया से सामने आई इस अजीबोगरीब घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नीचे तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई, तो वहीं प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया।

पत्नी की विदाई के लिए पति का 'शोले' स्टाइल ड्रामा : चार साल से मायके में थी बीवी, ससुराल वालों को मनाने सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
प्रतीकात्मक तस्वीर

DESWA DESK : 'जब तक बीवी की विदाई नहीं होगी, नीचे नहीं उतरूंगा...' कुछ इसी फरियाद के साथ एक नाराज पति मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा करता रहा। गोपालगंज के कटेया से सामने आई इस अजीबोगरीब घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नीचे तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई, तो वहीं प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया।

यह मामला कटेया थाना क्षेत्र के कटेया नगर पंचायत स्थित वैष्णो मठ के समीप का है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खुखुन्दू गांव निवासी अनीस मांझी की शादी कटेया थाना क्षेत्र के कुकुरभुक्का गांव में हुई थी। अनीस का आरोप है कि उसकी पत्नी पिछले चार वर्षों से मायके में ही रह रही है और ससुराल वाले उसकी विदाई नहीं कर रहे हैं।

चार साल तक लगातार मिन्नतें करने के बाद जब अनीस के सब्र का पैमाना छलक गया, तो उसने अपनी बात मनवाने के लिए ऐसा खतरनाक तरीका चुना जिसने हर किसी की सांसें थाम दीं। टावर पर चढ़ा युवक, नीचे जुटी सैकड़ों की भीड़ मंगलवार को अनीस अचानक कटेया नगर पंचायत में लगे एक मोबाइल नेटवर्क टावर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते खबर जंगल की आग की तरह फैली और टावर के नीचे सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

हर किसी की निगाहें ऊपर टिकी थीं और नीचे खड़े लोग अनहोनी की आशंका से कांप रहे थे। नीचे जमा भीड़ लगातार उससे नीचे उतरने की गुहार लगाती रही, लेकिन युवक टावर के शीर्ष पर पहुंचकर अपनी जिद पर अड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक टावर से ही चिल्ला-चिल्लाकर पत्नी की विदाई कराने की मांग कर रहा था। लोग उसे नीचे से समझाते रहे, लेकिन वह अपनी पत्नी को बुलाने और तुरंत विदाई की शर्त पर अड़ा हुआ था।

घटना के दौरान इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मुस्तैदी से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस 'शोले' स्टाइल ड्रामे ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ ससुराल वालों के भी पसीने छुड़ा दिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की पहल की जा रही है।