बांकीपुर में जनसुराज की आंधी : बीजेपी के 'गढ़' में बड़ी सेंध, प्रशांत किशोर लगातार आगे; कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल...LIVE UPDATE
बिहार की सबसे हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतगणना के नौवें राउंड के बाद बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिल रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस अभेद्य किले में जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ी सेंध लगाई है। लगातार नौवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा से पांच हजार से अधिक मतों की बड़ी बढ़त बना चुके हैं।
DESWA DESK : बिहार की सबसे हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतगणना के नौवें राउंड के बाद बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिल रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस अभेद्य किले में जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ी सेंध लगाई है। लगातार नौवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा से पांच हजार से अधिक मतों की बड़ी बढ़त बना चुके हैं।
नवंबर 2025 के चुनाव में करीब 63 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार 36 प्रतिशत के आसपास सिमटती नजर आ रही है। शुरुआती राउंड से ही प्रशांत किशोर की बढ़त की खबर मिलते ही जनसुराज के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय और मतगणना केंद्र के बाहर कार्यकर्ता एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की अग्रिम बधाई दे रहे हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह केवल बांकीपुर की जीत नहीं होगी, बल्कि पूरे बिहार के लिए इतिहास बन जाएगा। यह नतीजा इस बात का संकेत है कि अब यहां से बिहार की राजनीति की दिशा और दशा बदलने जा रही है। नौवें राउंड के रुझानों की बड़ी बात करें तो प्रशांत किशोर (जनसुराज) पांच हजार से अधिक वोटों से मजबूत बढ़त बनाएं हुए हैं। नीरज कुमार सिन्हा (बीजेपी) दूसरे स्थान पर हैं, जबकि रेखा गुप्ता (आरजेडी) रेस से बाहर नजर आ रही हैं।
बांकीपुर सीट पिछले कई दशकों से बीजेपी का सबसे सुरक्षित गढ़ मानी जाती रही है। हालांकि, प्रशांत किशोर की रणनीति और जनसुराज के जमीनी अभियान ने इस बार समीकरणों को पूरी तरह उलट दिया है। कुल 31 राउंड की मतगणना में से अभी नौ राउंड पूरे हुए हैं। जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ रही है, जनसुराज का खेमा उत्साहित है, जबकि सत्तारूढ़ दल बीजेपी-एनडीए के खेमे में चिंता की लकीरें गहरी होती जा रही है।
बीजेपी के गढ़ में पीके की बड़ी सेंध
जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर (पीके) बीजेपी के गढ़ में बड़ी सेंध लगाते नजर आ रहे हैं। 12वें राउंड की गिनती अभी तक पूरी हो चुकी हैं, और 12वें राउंड की मतगणना की समाप्ति के बाद प्रशांत किशोर 6646 वोटों से आगे हैं। उन्हें कुल 23756 वोट मिले हैं। वहीं, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को 17110 वोट मिले हैं। आरजेडी की रेखा गुप्ता पांच हजार का आंकड़ा भी नहीं छू पाई हैं और उन्हें अबतक मात्र 4850 वोट मिले हैं।
7119 वोटों से पीके आगे
13वें राउंड की समाप्ति के बाद भी प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर 7119 वोटों से आगे हैं। इस प्रकार मतगणना के पहले राउंड से ही पीछे चल रही बीजेपी हारती नजर आ रही है। बीजेपी का किला अब ढहता नजर आ रहा है। लगतार 1995 से बीजेपी का गढ़ रहे बांकीपुर पर प्रशांत किशोर की पकड़ और मजबूत होती दिख रही है।
15वें राउंड की समाप्ति के बाद भी प्रशांत किशोर आगे
15वें राउंड की समाप्ति के बाद भी प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर 8202 वोटों से आगे हैं। जन सुराज के प्रशांत किशोर को 29752 वोट, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को 21550 और आरजेडी की रेखा गुप्ता को 15वें राउंड की समाप्ति पर कुल 6755 वोट मिले हैं।













