“मुख्यमंत्री होश में आओ”-,राबड़ी देवी के नेतृत्व में विधान परिषद गेट पर राजद का जोरदार प्रदर्शन
बिहार की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट तेज हो गई है। बुधवार को बिहार विधान मंडल के बाहर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एमएलसी ने विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए।“मुख्यमंत्री होश में.........
बिहार की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट तेज हो गई है। बुधवार को बिहार विधान मंडल के बाहर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एमएलसी ने विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए।“मुख्यमंत्री होश में आओ”, “विधायकों को धमकाना बंद करो” और “भ्रष्टाचारियों की सरकार होश में आओ” जैसे नारों से विधान मंडल परिसर गूंज उठा। राजद एमएलसी का आरोप है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन के भीतर विपक्षी सदस्यों को धमकाते हैं और उनके मंत्री भी विपक्ष के नेताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करते हैं।
सदन में तीखी नोकझोंक बनी विवाद की वजह
दरअसल, विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद यह विवाद और बढ़ गया। बहस के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कहे जाने पर राजद ने इसे महिलाओं का अपमान बताया। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई।
राबड़ी देवी के पुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री पर कड़ी टिप्पणी की। वहीं, एक दिन पहले ही विधान परिषद में राजद के सुनील कुमार और मंत्री अशोक चौधरी के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। दोनों के बीच कथित रूप से गाली-गलौज की खबरें भी सामने आईं।
पूरे सप्ताह सदन में रहा तनावपूर्ण माहौल
सोमवार से ही विधान परिषद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस का दौर जारी है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ती तल्खी ने सदन के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। इसी के विरोध में विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
बिहार की सियासत में बढ़ती यह बयानबाजी और टकराव आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।













