पटना सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, 1 PM पर 5 धमाकों का मेल,पप्पू यादव केस की सुनवाई स्थगित
बिहार के न्यायिक तंत्र को एक बार फिर दहशत में डालने वाली खबर सामने आई है। बुधवार सुबह पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में दोपहर ठीक 1 बजे कोर्ट परिसर में 5 बम धमाकों की बात कही गई है। धमकी भरे संदेश....
बिहार के न्यायिक तंत्र को एक बार फिर दहशत में डालने वाली खबर सामने आई है। बुधवार सुबह पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में दोपहर ठीक 1 बजे कोर्ट परिसर में 5 बम धमाकों की बात कही गई है। धमकी भरे संदेश में आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए हैं।
एहतियातन खाली कराया गया कोर्ट परिसर
धमकी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई। फिलहाल पूरे परिसर को सील कर दिया गया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है।पटना सिविल कोर्ट में आज पप्पू यादव से जुड़े मामले की सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया है।
छठी बार मिली धमकी, वकीलों में नाराज़गी
गौरतलब है कि यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों को लेकर वकीलों में गहरा आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ता विजय कुमार ने कहा,धमकी मिलने के बाद सुबह से ही कोर्ट बंद कर दिया गया है। कोई भी अधिकारी परिसर के भीतर नहीं जा रहा है। हम लोग भी बाहर आ गए हैं। स्थिति बेहद चिंताजनक है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है। वहीं बार-बार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है और दोषियों तक कब पहुंच पाता है।













