जेपी गंगा पथ को मिलेगा विश्वस्तरीय स्वरूप, मुख्यमंत्री ने समग्र विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण कराएं। कोईलवर एक्सप्रेस-वे को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजना तैयार करें जिससे गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने की स्थिति में भी लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जेपी गंगा पथ पर प्रत्येक डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि वाहनों का परिचालन सुचारु रूप से हो सके। आवश्यकतानुसार गंगा के किनारे फुटओवर ब्रिज के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करें।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) के किनारे समग्र उद्यान, पार्किंग. कैफेटेरिया आदि विकसित करने से संबंधित समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ने जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों, पूर्ण कराये गये कार्यों तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण कराएं। कोईलवर एक्सप्रेस-वे को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजना तैयार करें जिससे गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने की स्थिति में भी लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जेपी गंगा पथ पर प्रत्येक डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि वाहनों का परिचालन सुचारु रूप से हो सके। आवश्यकतानुसार गंगा के किनारे फुटओवर ब्रिज के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक गोलघर पटना की पहचान है, इसलिए उसे और अधिक सुंदर एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाए। गोलघर परिसर में कैफेटेरिया की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पटना हाईकोर्ट के समीप स्थित वाटर टावर का जीर्णोद्धार भी बेहतर ढंग से कराएं। जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना को और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आमलोगों से सुझाव लें। बक्सर से भागलपुर तक गंगा तट के विकास के लिए चरणबद्ध समेकित मास्टर प्लान तैयार करें ताकि गंगा बेसिन का सुव्यवस्थित विकास हो तथा भूमि का अधिकतम सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों को विकसित कराए। इसको लेकर पटना के कुर्जी से काली घाट तक 6.5 किलोमीटर गंगा चैनल विकसित होगा। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, कला, संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।