खुद के जाल में फंसते नजर आ रहे खान सर, पुलिस का तगड़ा एक्शन, दो बॉडीगार्ड गिरफ्तार, अब बचना मुश्किल
अब तक पीड़ित नजर आ रहे खान सर इस मामले में खुद उलटे फंसते दिख रहे हैं। घटना की रात का एक नया वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर के दो निजी अंगरक्षकों (बॉडीगार्ड्स) को गिरफ्तार कर लिया है। इस नए वीडियो में कथित तौर पर खान सर के सुरक्षाकर्मी हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
DESWA DESK : पटना के खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट में 2 जून की रात हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अब तक पीड़ित नजर आ रहे खान सर इस मामले में खुद उलटे फंसते दिख रहे हैं। घटना की रात का एक नया वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर के दो निजी अंगरक्षकों (बॉडीगार्ड्स) को गिरफ्तार कर लिया है। इस नए वीडियो में कथित तौर पर खान सर के सुरक्षाकर्मी हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस मामले में खान सर से भी उनके कोचिंग के अंदर पूछताछ हो रही है।
पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा
2 जून की रात खान सर के कोचिंग संस्थान पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा हमला और तोड़फोड़ की गई थी। इस पूरे प्रकरण में ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर की तरफ से एक नया वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में दो लोग बंदूक में गोली लोड करते और हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो 2 जून की रात का ही है और फायरिंग करने वाले दोनों शख्स खान सर के बॉडीगार्ड हैं। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत अपनी जांच की दिशा बदल दी।
कोचिंग सेंटर पहुंची पुलिस
फायरिंग के इस वीडियो की सत्यता और दावों की जांच करने के लिए पटना पुलिस की टीम खान सर के कोचिंग सेंटर के अंदर पहुंची। काफी देर तक चली जांच-पड़ताल और पूछताछ के बाद पुलिस ने खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इलाके के स्थानीय लोगों और चश्मदीदों से भी पूछताछ की है ताकि 2 जून की रात की पूरी हकीकत सामने आ सके।
बयान से पहले ही पलट चुके थे खान सर
इस मामले में खान सर की भूमिका पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, घटना की रात खान सर ने मीडिया के सामने दावा किया था कि उन्होंने खुद अपनी आंखों से करीब 10 राउंड फायरिंग होते हुए देखी थी। लेकिन इसके अगले ही दिन वे अपने इस बयान से पूरी तरह मुकर गए। खान सर ने सफाई देते हुए कहा था कि उस वक्त माहौल इतना तनावपूर्ण था कि वे कुछ समझ नहीं पाए और उनके गार्ड ने जैसा उन्हें बताया, उन्होंने वैसा ही मीडिया के सामने बोल दिया।
पुलिस के सामने अब कई बड़े सवाल
इस नए वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी या फिर बात कुछ और थी? साथ ही, यह भी जांच का विषय है कि क्या खान सर को इस फायरिंग की पूरी जानकारी पहले से थी और उन्होंने जानबूझकर अपना बयान बदला? फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों गार्ड्स से पूछताछ कर रही है और जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है। शुरुआती जांच में पुलिस ने भी इलाके में किसी भी तरह की फायरिंग की घटना से इनकार किया था, लेकिन नए वीडियो ने अब पूरी कहानी को पलट कर रख दिया है।













