पटना कोचिंग वार में कूदे लालू के लाल : तेज प्रताप बोले- 'जेल जाएं खान सर', तेजस्वी ने CM को लिखी चिट्ठी, CBI जांच हो
जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने इस पूरे मामले पर बेहद तल्ख टिप्पणी की है। रौशन आनंद का पक्ष लेते हुए तेज प्रताप ने सीधे तौर पर खान सर को घेरते हुए कहा कि अगर किसी का भाई मरेगा, तो कोई भी रोएगा ही। कोई भी परेशान होगा। इस पूरे मामले की तह तक जाना जरूरी है और खान को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए।
DESWA NEWS : राजधानी पटना के दो दिग्गज कोचिंग संचालकों खान सर और ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद सर के बीच का विवाद अब महज एक व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता नहीं रह गया है। रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में हुई संदिग्ध मौत के बाद इस मामले ने सियासी रंग अख्तियार कर लिया है। महागठबंधन और सत्तापक्ष के बीच इस मुद्दे पर बयानों के तीर चलने शुरू हो गए हैं।
भाई मरेगा तो कोई भी रोएगा, खान को हो जेल-तेजप्रताप
जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने इस पूरे मामले पर बेहद तल्ख टिप्पणी की है। रौशन आनंद का पक्ष लेते हुए तेज प्रताप ने सीधे तौर पर खान सर को घेरते हुए कहा कि अगर किसी का भाई मरेगा, तो कोई भी रोएगा ही। कोई भी परेशान होगा। इस पूरे मामले की तह तक जाना जरूरी है और खान को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। तेज प्रताप यादव के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, CBI जांच की मांग
विवाद में अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सीधे दखल दिया है। तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई मौत पर गहरे सवाल उठाए हैं और इस अंतरराष्ट्रीय मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। विपक्ष का आरोप है कि इस मामले के पीछे एक सोची-समझी साजिश हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
जो भी दोषी होगा, बचेगा नहीं- संजय झा
वहीं दूसरी ओर, सत्ताधारी जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सरकार का रुख साफ करते हुए कहा है कि कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मामला संज्ञान में है। जिसने भी गलत किया है, वह चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बचेगा नहीं। जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
नेपाल के होटल में मिला था प्रिंस का शव
बता दें कि पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके से शुरू हुआ यह विवाद तब गहराया जब ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर के एक होटल से बरामद हुआ। रौशन आनंद के समर्थकों और परिवार का आरोप है कि इस घटना के पीछे व्यावसायिक रंजिश और मानसिक प्रताड़ना का हाथ है, जिसमें खान सर ने हत्या कराई है। रौशन आनंद ने भी खुलेआम यह आरोप लगाया है। दूसरी ओर, खान सर के समर्थकों का कहना है कि उन्हें जानबूझकर इस दुखद घटना में फंसाने की राजनीतिक कोशिश की जा रही है। पटना पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन चूंकि घटना नेपाल की है, इसलिए कानूनी पेंच फंसे हुए हैं। अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री विपक्ष की सीबीआई जांच की मांग पर क्या कदम उठाते हैं।













